पावनसिटी समाचार खंडवा
खण्डवा- लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा “स्वच्छ पेयजल आज और कल” अभियान के तहत पेयजल स्त्रोतों से प्रदाय जल का परीक्षण लगातार किया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सुश्री वर्षा शिवपुरे ने बताया कि इस अभियान के तहत विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा गांव गांव का दौरा कर ग्रामवासियों से चर्चा कर शुद्ध पेयजल उपलब्धता की जानकारी ली जा रही है। विभागीय अधिकारियों द्वारा किल्लोद विकासखंड क्षेत्र के ग्रामों से आ रही फ्लोराइड युक्त जल प्रदाय संबंधी शिकायतों को ध्यान में रखते हुए वहां के स्कूल, आंगनवाड़ी में तथा ग्रामीणजनों के बीच जाकर पेयजल परीक्षण कर उन्हें वास्तविक जानकारी से अवगत कराया जा रहा है।
कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सुश्री शिवपुरे ने बताया कि विभाग के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि किन स्रोतों का पानी उनके लिए पीने योग्य है। फ्लोराइड युक्त जल प्रदाय संबंधी शिकायतों वाले गांवों के ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है कि लाल निशान से चिह्नित जल स्त्रोतों का पानी पेयजल के रूप में उपयोग में न लाएं, बल्कि इस पानी को अन्य कार्याे जैसे कि नहाना, कपड़े धोना, साफ़ सफ़ाई आदि में उपयोग में लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारी कर्मचारियों द्वारा विभिन्न गांव के जल स्त्रोतों के पानी का रैंडमली परीक्षण किया जा रहा है और ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि पानी पीने योग्य व स्वच्छ है अथवा नहीं।

