पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – नागरिकों को उनकी पात्रता अनुसार सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश में इन दिनों “संकल्प से समाधान” अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को बलड़ी विकासखण्ड के ग्राम भगवानपुरा तथा हरसूद विकासखंड के ग्राम भराड़ी व सड़ियापानी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों का निःशुल्क उपचार किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि ग्राम सड़ियापानी में 115, भराड़ी में 105 तथा भगवानपुरा में 201 मरीजों का उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में मरीजों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन व सिकलसेल की जांच कर उन्हें दवाईयां वितरित की गईं। टी.बी. के संभावित मरीजों का स्पुटम कलेक्शन भी किया गया। टी.बी. मरीज को फूड बास्केट भी वितरित किए गए। शिविरों में कुल 74 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में चिकित्सक, सुपरवाइजर, सी.एच.ओ., एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं ने सेवाएं दीं।

