पावनसिटी समाचार खण्डवा
खण्डवा -नर्मदा जयंती का पर्व आगामी 25 जनवरी को मनाया जाएगा। इस पर्व पर ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग दर्शन के साथ-साथ पावन नर्मदा नदी में स्नान हेतु बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की सम्भावना रहती है। जिले का खण्डवा-इन्दौर मार्ग अत्यन्त व्यस्ततम सड़क मार्ग है, जिस पर भारी एवं हल्के वाहन का आवागमन निरन्तर रूप से चलता रहता है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋषव गुप्ता ने श्रद्धालुओं के निर्बाध परिवहन, सार्वजनिक सुरक्षा एवं जनसामान्य की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 19 से 25 जनवरी तक खण्डवा-इंदौर मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।
*भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था रहेगी*
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बताया कि इन्दौर-इच्छापुर हाईवे पर संचालित होने वाले भारी मालयान जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुये जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुसार बुरहानपुर की ओर से खण्डवा जिले में प्रवेश करने वाले भारी वाहन खण्डवा जिले के ग्राम देशगांव में प्रवेश कर देशगांव से खरगोन व्हाया कसरावद, खलघाट, महू होते हुए इन्दौर की ओर अपने गन्तव्य तक पहुंचेगें। इसी तरह इन्दौर से चलने वाले भारी वाहन महू से खलघाट, कसरावद, खरगोन व्हाया भीकनगांव से देशगांव होते हुए खण्डवा-बुरहानपुर की ओर अपने गन्तव्य तक पहुचेगें। आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को इस प्रतिबंधात्मक आदेश से पूर्णतः मुक्त रखा गया है। इनमें दुग्ध प्रदाय वाहन, नगर निगम, पुलिस वाहन, पानी टैंकर, फायर बिग्रेड, आर्मी के वाहन, विद्युत कंपनी के कार्य में संलग्न वाहन, एल.पी.जी. और पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन में लगे वाहन, कृषि उपज मंडी में सब्जी ले जाने वाले वाहन तथा यात्री बसें शामिल हैं। भारी वाहनों के संचालन पर यह प्रतिबंध 19 जनवरी को प्रातः 6 बजे से 25 जनवरी को रात्रि 12 बजे तक लागू रहेगा।
