पावनसिटी समाचार पत्र सीहोर 

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतें प्राथमिकता से बंद कराएं।

कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि अक्टूबर माह में 13 शासकीय अवकाश दिवस हैं। उन्होंने कहा कि आमजन के कार्य प्रशासन की पहली प्राथमिकता हैं, उनके कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अक्टूबर माह में पड़ने वाले अवकाशों के कारण आमजन के कार्य बाधित न हों। उन्होंने कहा कि जिले के जिला स्तर से लेकर मैदानी स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति के शेष कार्यदिवसों में अवकाश पर न जाएं और अपने कार्यालयों में उपलब्ध रहें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सर्जना यादव, अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विशेष अभियान 5.0 के संबंध मे निर्देश, कलेक्टर करेंगे कार्यालयों का औचक निरीक्षण
कलेक्टर  बालागुरू के. ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक सभी विभागों एवं शासकीय कार्यालयों में “स्पेशल कैम्पेन 5.0” आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित प्रकरणों, फाइलों और अपीलों का त्वरित व पारदर्शी निपटारा करना, कार्यालयों में स्वच्छता बनाना, कचरा निस्तारण, ई-कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढावा देना तथा कर्मचारियों व अधिकारियों में सेवा भाव एवं जवाबदेही को सुदृढ करना है। ताकि योजनाओं और सेवाओं की सुगम व पारदर्शी प्रक्रिया से अधिक हितग्राही लाभान्वित हों और आम जनता की शासन से की गई अपेक्षाओं का त्वरित निदान होने से शासन के प्रति जनता भरोसा बढ़े। इसके साथ ही कार्यालयों में बेहतर स्वच्छता और ई कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण से स्वच्छ व हरित शासन व्यवस्था स्थापित हो सके। कलेक्टर श्री बालागुरू के. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय विभागों एवं कार्यालयों में इस अभियान का प्रभावी संचालन किया जाए। उन्होंने कहा कि वे कार्यालयों में स्वयं जाकर इस अभियान के तहत की गई कार्यवाहियों का औचक निरीक्षण करेंगे।
जिले में सुनिश्चित हो खाद की पर्याप्त उपलब्धता

लेक्टर बालागुरू के ने जिले में खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलबधता तथा किसानों को वितरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये की खाद की कालाबाजारी न हो। उन्होंने खाद के सुचारू वितरण एवं कालाबाजारी को रोकने के लिए सभी विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय समितियां गठित की गई हैं। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उर्वरकों का सुचारू वितरण एवं निगरानी रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को गोदामों और दुकानों का नियमित निरीक्षण करने तथा जिले की सीमाओं पर विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को खाद की कालाबाजारी करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो, टोकन का वितरण व्यवस्थित तरीके से कराया जाए। साथ ही खाद वितरण की सूचना किसानों को समय पर दी जाए।

भावांतर योजना के संबंध में निर्देश
कलेक्टर  बालागुरू के.ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भावातंर योजना का अधिक से अधिक से प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि प्रत्येक सोयाबीन उत्पादक किसान को इस योजना के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सोयाबीन उत्पादक किसानों का इस योजना के तहत पंजीयन कराया जाए।
पटाखा बाजारों में किए जाएं सुरक्षा के पर्याप्‍त इंतजाम
कलेक्टर  बालागुरू के. ने दीपावली पर पटाखा बाजारों के लिए खुले स्थान का चयन कर समय से पहले दुकानें आवंटित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा की पटाखा बाजार में अग्निशमन यंत्र और दुकानों में रेत की बाल्टियाँ उपलब्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही दुकानें विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफार्मर से सुरक्षित दूरी पर हो। उन्होंने पटाखा बाजार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के सभी सीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। उन्होंने फायर ब्रिगेड सहित सभी आवश्यक उपकरणों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये
कलेक्टर  बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में गीता मानस भवन के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर आवंटन की कार्यवाही में तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सांसद खेल महोत्सव के तहत जिले में निर्धारित कैलेंडर के अनुसार गतिविधियां आयोजित कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पेंशन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कहा कि सेवानिवृत होने वाले शासकीय सेवक की सेवानिवृत्ति से पहले ही समस्त कार्यवाहियां पूरी कर ली जाये ताकि समय पर पीपीओ और पेंशन मिल सके। उन्होंने जिले के जनजातीय क्षेत्रों के उत्थान के लिये आदि कर्मयोगी के तहत सभी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण तथा नामांतरण की कार्रवाई में गति लाने के लिए राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किया जाए की परियोजनाएं जल्द से जल्द शुरू हो सके। इसी प्रकार उन्होंने वन अधिकार के लंबित दावे, वन ग्राम से राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन तथा वन खण्डों के व्यवस्थापन की कार्रवाई में गति लाने के राजस्व तथा वन अधिकारियों को निर्देश दिए।