पावनसिटी  खंडवा
खंडवा- भारत सरकार के नीति आयोग की डिप्टी सेक्रेटरी श्रीमती नेहा नौटियाल ने खंडवा जिले का दौरा कर आंगनबाड़ी, अस्पताल और पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी  के आर कानूडे ने बताया कि श्रीमती नौटियाल ने निरीक्षण के दौरान संपूर्णता अभियान-2.0 के अंतर्गत आकांक्षी जिला खंडवा एवं आकांक्षी ब्लॉक छैगावमाखन में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग के संबंध में शासन से प्राप्त इंडिकेटर के लिए निर्धारित लक्ष्य की प्रगति के संबंध में मैदानी स्तर पर जानकारी ली। उन्होंने नीति आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि से डाईट कॉलेज में निर्मित आईटी लैब का निरीक्षण भी किया।

उपसचिव श्रीमती नौटियाल ने आंगनबाड़ी केंद्र दौंदवाड़ा में आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर बच्चों की हाइट और वजन के मापन के जानकारी ली और साथ ही बच्चों के कुपोषण के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र छैगांवमाखन का भी निरीक्षण किया एवं हितग्राहियों के परिजनों से चर्चा की। श्रीमती नौटियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छैगांवमाखन का भी निरीक्षण किया और वहां संपूर्णता अभियान के अंतर्गत आयोजित टीबी शिविर की भी जानकारी ली।
इसके बाद श्रीमती नौटियाल ने देशगांव की शासकीय माध्यमिक शाला का भी निरीक्षण किया एवं बच्चों से चर्चा कर स्कूल की शिक्षण व्यवस्था, शौचालय, पेयजल की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती नौटियाल ने बच्चों से चर्चा कर शौच के बाद साबुन से हाथ धोने और व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में सीख दी। उपसचिव श्रीमती नौटियाल ने जिले में संपूर्णता संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत प्राप्त इंडिकेटर के संबंध में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण के पश्चात कलेक्टर  ऋषव गुप्ता एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ नागार्जुन बी. गौड़ा से भेंट कर नीति आयोग के सहयोग से जिले में संचालित विकास कार्यों एवं संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत की जा रही गतिविधियों की जानकारी भी ली।

Leave a Reply