पावनसिटी  खंडवा
जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक में कलेक्टर  गुप्ता ने दिए निर्देश
खंडवा -जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक कलेक्टर  ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत के अलावा कला, संस्कृति एवं पर्यटन से जुड़े परिषद के विभिन्न सदस्य भी बैठक में मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि जिले के ओंकारेश्वर के साथ-साथ हनुमंतिया, बोरियामाल, धारी कोटला जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए कार्य किए जाएं।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में कहा कि निमाड़ी लोक कला एवं स्थानीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से “निमाड़ महोत्सव” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिसमें निमाड़ी लोक नृत्य, निमाड़ी लोक गीत, मांडना कला, भित्ती चित्र, खालवा क्षेत्र के आदिवासी लोकगीतों से जुड़े कलाकारों को उनकी कला के प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में कहा कि निमाड़ी लोकगीतों, कोरकू बोली के आदिवासी लोकगीतों तथा निमाड़ी लोक नृत्य के ऑडियो वीडियो खंडवा का स्थानीय यूट्यूब चैनल बनाकर उस पर प्रदर्शित किए जाएं। उन्होंने जिले में निमाड़ी संस्कृति से जुड़े चित्रों, निमाड़ी लोक कला और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से एक डिस्पले सेंटर भी तैयार करने की आवश्यकता बताई।

Leave a Reply