पावनसिटी खंडवा
किसान 20 मार्च तक करवा सकते हैं पंजीयन
खंडवा – भारत सरकार द्वारा सरसों का समर्थन मूल्य 6200 रु प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है | भावांतर योजना अंतर्गत ई- उपार्जन पोर्टल पर 20 मार्च तक सरसों फसल के लिए पंजीयन कराया जा सकता है। उप संचालक कृषि श्री नितेश यादव ने बताया कि सरसों का भावांतर योजना अंतर्गत पंजीयन के लिए गेंहू, चना के पंजीयन केंद्र के समान ही 72 पंजीयन केंद्र निर्धारित किये गए है | किसान भाई अपनी नजदीकी समिति कार्यालय में जाकर पंजीयन करा सकते है| उन्होंने बताया कि भावांतर योजना अंतर्गत सरसों फसल विक्रय हेतु किसानो को निम्नानुसार लाभ प्रदाय किया जायेगा । यदि अधिसूचित मंडी में एफ ए क्यू मानक के अनुरूप सरसों का बिक्री मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम हो, परंतु प्रदेश सरकार द्वारा घोषित औसत थोक मूल्य अर्थात “मॉडल प्राइस” से अधिक हो, तो किसान को केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य और वास्तविक बिक्री मूल्य के अंतर की राशि प्रदाय की जाएगी।
उपसंचालक कृषि श्री यादव ने बताया कि यदि अधिसूचित मंडी में सरसों का एफ ए क्यू बिक्री मूल्य प्रदेश सरकार द्वारा घोषित औसत थोक मूल्य अर्थात मॉडल प्राइस से कम हो, तो भी किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य और घोषित औसत थोक मूल्य के अंतर की राशि ही प्रदाय की जाएगी। उप संचालक कृषि श्री यादव ने जिले के सभी किसान भाइयो से अपील की है कि वे अपनी सरसों फसल का पंजीयन अवश्य करा लें ताकि सरकार की भावान्तर योजना का लाभ ले सकें |
