पावनसिटी समाचार खण्डवा
खण्डवा – प्रदेश सरकार ने कृषकों को रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ई-विकास प्रणाली लागू की है। गुरूवार को विधायक खण्डवा श्रीमती कंचन तन्वे ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा लगभग 150 कृषकों की उपस्थिति में ग्राम बड़गांव माली में कृषकों को औपचारिक रूप से ई-टोकन से उर्वरक वितरण कार्य का शुभारंभ किया है। उपसंचालक कृषि नीतेश यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने किसानों को समय पर एवं पारदर्शिता के साथ उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा “ई-टोकन एवं उर्वरक वितरण प्रणाली” व्यवस्था लागू की है। इसके तहत किसान स्वयं ऑनलाईन सिस्टम से एवं अपने मोबाइल के माध्यम से भी प्रक्रिया कर ई-टोकन जारी कर, अपनी सुविधा अनुसार उर्वरक क्रय कर सकते हैं। इस में etoken.mpkrishi.org लिंक के माध्यम से आधार नंबर एवं ओटीपी फीड कर लॉग इन किया जा सकता है। लॉग इन करने पर पोर्टल पर एग्री स्टैक अर्थात फार्मर आई.डी. से कृषि भूमि अपडेट होकर, मौसम एवं फसल का चयन करने के उपरांत फसल तथा कृषि भूमि अनुसार उर्वरकों की गणना होकर पोर्टल पर प्रदर्शित होगी। चयनित उर्वरक विक्रेता के यहाँ पर ई-टोकन से कृषक उर्वरक क्रय कर सकेंगे, जिसकी वैद्यता 3 दिवस की रहेगी।

