पावनसिटी समाचार पत्र हरदा

प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सांरग हरदा दौरा

जिले विकास सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

1.सभी स्कूलों में टॉयलेट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हो

2.किसानों को उपार्जन एवं खाद की उपलब्धता में दिक्कत न आए

3.अवैध खनिज उत्खनन/ परिवहन को रोकने अभियान चलाया जाए

4.सड़कों के निर्माण में आने वाले अतिक्रमण को सख्ती से हटाएं

5.कॉपरेटिव पब्लिक प्रायवेट पार्टनरशिप में जैविक खेती को बढ़ावा देने का कार्य किया जाए

6. विभाग का पब्लिक फेशियो उत्तम श्रेणी का हो – प्रभारी मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग

हरदा – जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सांरग ने स्कूलों में टॉयलेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। खास तौर पर बालिकाओं के लिये हर स्कूल में साफ सुथरे टॉयलेट की व्यवस्था उपलब्ध हो। स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से हो। शुक्रवार को आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में उन्होने कहा कि जिले में अनाज उपार्जन एवं खाद की उपलब्धता में किसानों को कोई अड़चन न आये। खनिज के अवैध उत्खनन व परिवहन को रोकने के लिये संयुक्त दल गठित कर अभियान चलाया जाए। श्री सारंग ने कहा कि जिले में निर्मित हो रही सड़कों के निर्माण में अतिक्रमण आड़े न आये ऐसे अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाए। उन्होने जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सहकारिता एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जैविक खेती के विकास के लिये कार्य किया जाए। साथ ही सहकारिता एवं पब्लिक प्रायवेट पार्टनरशिप के तहत भी जिले में जैविक खेती के विकास का कार्य हो। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, कलेक्टर सिद्धार्थ  जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जिला विकास सलाहकार समिति के गठन के पीछे शासन की मंशा विकास एवं कल्याण की योजनाओं में सेचुरेशन लाना, प्रशासकीय व्यवस्था का सुचारू संचालन के साथ-साथ विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। समिति का उद्देश्य है कि सरकार की योजनाओं का सभी पात्र व्यक्तियों को लाभ मिले। साथ ही समिति के निर्णयों का अक्षरशः पालन हो। प्रत्येक विभाग का आमजन से जुड़े कार्य करने का प्रयास अच्छा होना चाहिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा कहा गया कि जिले में स्वीकृत सड़कों के शेष निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। वनक्षेत्रों में निर्माणाधीन सड़कें भी समय सीमा में पूर्ण हो। उन्होने कहा कि जिला अस्पताल के नवीन भवन प्रारम्भ होने के पूर्व वहां आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की पेयजल योजनाएं सुचारू रूप से संचालित हों। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत में देरी न हो। खाद्य विभाग अंतर्गत राशन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में असुविधा न हो। 80 वर्ष से उपर के हितग्राहियों को ई-केवायसी से मुक्त रखा जाए। इस दौरान जिले में जैविक खेती एवं जैविक हाट की समीक्षा करते हुए उन्होने कहा कि जैविक खेती को सहकारिता एवं कार्पोरेट के साथ जोड़कर जिले में जैविक खेती के विकास के क्षेत्र में नवाचार किया जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले के ज्यादा से ज्यादा किसानों को जैविक खेती से जोड़ने के लिये जनजागरण अभियान चलाया जाए। प्रभारी मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए एवं उनके आमजन के बीच सम्पर्कों का लाभ लिया जाए। प्रभारी मंत्री द्वारा शिक्षा, परिवहन एवं वेयरहाउसिंग विभाग की भी समीक्षा की गई। जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान टेल क्षेत्र के ग्रामों में सिंचाई जल की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई।

सारंग ने कहा कि संबल योजना में पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के मामले लंबित न रहें। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने हरदा जिले को शतप्रतिशत सिंचित बनाने के लिये किये गये कार्यों की प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होने हरदा लिफ्ट इरिगेशन परियोजना का नाम शहीद दीप सिंह चौहान रखने का बैठक में प्रस्ताव भी रखा, जिसको अनुमोदित किया गया। श्री राजेश वर्मा द्वारा जिले में वाटर ऑडिट करवाने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर प्रभारी मंत्री द्वारा उचित कार्यवाही के निर्देश दिये गये। उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा ऐसे उद्यमियों को ही जमीन आवंटित कराने के निर्देश दिये गये जो वास्तव में उद्योग चलायेंगे। उन्होने कहा कि स्थानीय उत्पादकता पर आधारित उद्यमों की स्थापना को प्राथमिकता दी जाए। आदिम जाति कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान सभी पात्र हितग्राहियों को छात्रवृत्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। साथ ही कहा गया कि छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों को कोई असुविधा न हो, यह ध्यान रखा जाए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान वन क्षेत्रों में हुए पौधरोपण का भौतिक सत्यापन करने के लिये निर्देशित किया गया। पशुपालन विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये गये कि दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान में जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। नये मिल्क रूट विकसित किये जायें एवं अधिक से अधिक दुग्ध समितियों का गठन हो। किसानों को ज्यादा से ज्यादा गौवंश के पालन के लिये प्रोत्साहित किया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारी को विद्युत की सुचारू आपूर्ति के लिये निर्देशित किया गया। यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित करने, रोड़ एक्सिडेन्ट रोकने तथा दुपहिया वाहन चालकों हेल्मेट लगाने के लिये जागरूक करने के भी प्रभारी मंत्री द्वारा निर्देश दिये गये। बैठक में उन्होने जिले में निर्मित हो रही सड़कों पर निर्माण एजेन्सी एवं ठेकेदार का नाम अंकित कराने के निर्देश दिये। साथ ही स्वीकृत राशि एवं परफार्मेन्स गारन्टी का समय भी इन सड़कों पर अंकित किया जाए।

कलेक्टर सिद्धार्थ जैन द्वारा जिले में जैविक खेती के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की बिन्दूवार जानकारी दी गई। इसके अलावा विभाग प्रमुखों द्वारा दो वर्ष में जिले में हुए विकास एवं उपलब्धियों से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया गया।
कमल खेल महोत्सव में शामिल हुए प्रभारी मंत्री
जिले के नेहरू स्टेडियम में आयोजित हो रहे कमल खेल महोत्सव में भी प्रभारी मंत्री ने भाग लिया। इस दौरान उन्होने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण आयाम है। इससे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। युवा खेल महोत्सव का आयोजन खेल प्रतिभाओं को तराशने का सराहनीय कार्य है। खेलों से युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है एवं उन्हें अनुशासित एवं संयमित जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान उन्होने खेल प्रतिभाओं को पुरूस्कृत भी किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला अध्यक्ष  राजेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  दर्शन सिंह गेहलोत, जिला ओलम्पिक संघ अध्यक्ष श्री संदीप पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व खिलाड़ी उपस्थित थे।
स्वदेशी मेले में पहुँचे प्रभारी मंत्री श्री विश्वास सारंग
जिले के प्रभारी मंत्री  विश्वास सारंग हरदा के मिडिल स्कूल ग्राउण्ड में आयोजित स्वदेशी मेले में पहुँचे। इस दौरान मंत्री  सारंग ने कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देने के उद्देश्य स्वेदशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आव्हान किया है कि हमें लोकल व स्वेदशी पर जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम स्वदेशी उत्पादों और डिजिटल लेनदेन के प्रचार-प्रसार पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने पूर्व में भी व्यापारियों और नागरिकों से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए स्वदेशी अपनाने की अपील की है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  गजेन्द्र शाह, पूर्व कृषि मंत्री  कमल पटेल, जिला अध्यक्ष  राजेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  दर्शन सिंह गेहलोत, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

केंद्रीय राज्य मंत्री  उईके का भ्रमण कार्यक्रम
हरदा- भारत सरकार के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके 11 से 15 जनवरी तक संसदीय क्षेत्र बैतूल के भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मंत्री श्री उइके 11 जनवरी को बैतूल आयेंगे तथा संसदीय क्षेत्र के बैतूल, हरदा व खण्डवा जिले में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मंत्री  उईके 12 जनवरी को प्रातः 9 बजे बैतूल से प्रस्थान कर 11 बजे सर्किट हाउस हरदा आयेंगे तथा 11ः30 बजे नेहरू स्टेडियम हरदा में आयोजित कमल युवा खेल महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वनमण्डल कार्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंत्री श्री उइके शाम 5 बजे हरदा से बैतूल के लिये प्रस्थान करेंगे।

कलेक्टर की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
हरदा – कलेक्ट्रेट सभागार में गुरूवार कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुँचाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजा रंगारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, डीएसपी सुश्री अरूणा सिंह सहित जिले की सुपरवाइजर व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान डाक निरीक्षक श्री अमित कुमार व्यास ने जिले की पात्र बच्चियों के भविष्य को सुरक्षित करने हेतु ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ के तहत खाते खोलने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विभाग से पात्र बच्चियों का पूर्ण डेटा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। बैठक में ‘इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक’ की ‘ग्रुप एक्सीडेंटल गार्ड’ योजना की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में बताया गया कि योजना के तहत 355 रूपये, 555 रूपये व 755 रूपये के वार्षिक प्रिमियम पर क्रमशः 5 लाख, 10 लाख व 15 लाख रूपये तक दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है। योजना में दुर्घटना से मृत्यु, आंशिक अथवा पूर्ण दिव्यांगता के साथ-साथ डूबने, आग, गिरने, पशु के काटने एवं अन्य प्रकार की दुर्घटनाएं भी सम्मिलित है। साथ ही दुर्घटना से होने वाले उपचार एवं अन्य संबंधित व्ययों का लाभ भी प्रदान किया जाता है। योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिये अपने नजदीकी डाकघर अथवा डाक निरीक्षक हरदा श्री अमित कुमार व्यास से सम्पर्क किया जा सकता है।

आंगनवाडी केन्द्र क्रं. 70 हरदाखुर्द में विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न♦
हरदा 9 जनवरी 2026/ म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा शुक्रवार को आंगनवाडी केन्द्र क्रमांक 70 वार्ड क्रं. 34 हरदाखुर्द में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री चन्द्रशेखर राठौर ने उपस्थितजन को महिलाओं के अधिकार, बच्चों के अधिकार, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, यौन उत्पीड़न, सालसा व नालसा की योजनाओं व पीड़ित प्रतिकर योजना के बारे में जानकारी दी। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह की जानकारी दी गई तथा नालसा हेल्पलाईन नंबर 15100 के बारे में जागरूक किया गया। इसके बाद बच्चों एवं बुजूर्गों को बिस्किट, गर्म कपड़े आदि का वितरण किया गया। शिविर में महिलाएं, बच्चें तथा पैरालीगल वॉलेंटियर्स ज्योति तिवारी, कंचन लुनिया उपस्थित रहे।

उपकेन्द्र हरदा से संबंधित फीडरों में 11 जनवरी को दोपहर 1 बजे से विद्युत प्रदाय अवरूद्ध रहेगा

हरदा – मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कम्पनी द्वारा 132 के.व्ही. उपकेन्द्र हरदा में 33 के.व्ही. हाफ मेन बसबार पर अति आवश्यक सुधार व संधारण कार्य होने के कारण उपकेन्द्र से निकलने वाले 33 के.व्ही फीडर तथा इन से संबंधित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्रों में 11 जनवरी को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक विद्युत प्रदाय अवरूद्ध रहेगा। महाप्रबन्धक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने बताया कि इस दौरान 33 के.व्ही फीडर सोनतलाई व इससे संबंधित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र रेलवा व सोनतलाई, 33 के.व्ही. फीडर कांकरिया व इससे संबंधित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र कांकरिया, 33 के.व्ही. उपकेन्द्र अबगांवखुर्द व इससे संबंधित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र अबगांवखुर्द, आदमपुर व पोखरनी, 33 के.व्ही. फीडर करताना व इससे संबंधित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र करताना, तजपुरा व नयागांव, 33 के.व्ही. फीडर टिमरनी व इससे संबंधित उपकेन्द्र टिमरनी, उन्द्राकच्छ व चारखेड़ा तथा 33 के.व्ही. फीडर रहटगांव व इससे संबंधित उपकेन्द्र रहटगांव, झाड़बिड़ा व टेमागांव में 11 जनवरी को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक विद्युत प्रदाय अवरूद्ध रहेगा। उन्होने बताया कि कार्य की आवश्यकता एवं परिस्थिति के अनुसार विद्युत प्रदाय बंद की समयावधि को घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है।

धान उपार्जन के लिये 13 जनवरी तक किया जा सकेगा स्लॉट बुकिंग
हरदा – खाद्य नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले में धान उपार्जन का कार्य 1 से 20 जनवरी 2026 तक किया जाना है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री बासुदेव भदोरिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार धान उपार्जन के लिये किसानों द्वारा 13 जनवरी 2026 तक स्लॉट बुकिंग की जा सकेगी। उन्होने सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे 13 जनवरी से पूर्व स्लॉट बुकिंग कर फसल विक्रय करें।