पावनसिटी समाचार हरदा
हरदा –  भारत सरकार के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के केन्द्रीय राज्यमंत्री  दुर्गादास उइके स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले के मिडिल स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘स्वदेशी मेले’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष  सिंह गहलोत, पूर्व कृषि मंत्री  कमल पटेल, जिला अध्यक्ष  राजेश वर्मा, पूर्व विधायक टिमरनी  संजय शाह सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
केन्द्रीय राज्यमंत्री  उइके ने मिडिल स्कूल ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी मेले में क्रेताओं और विक्रेताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए सबके विश्वास, साथ और प्रयासों से स्वदेशी के लिए आगे आना होगा। स्वयं स्वदेशी का उपयोग करने के साथ ही दूसरों को भी स्वदेशी के लिए प्रेरित करना होगा। बच्चों में स्वदेशी के लिए आग्रह के संस्कार देने होंगे। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर जोर देते हुए सभी से ‘लोकल’ को बढ़ावा देने और डिजिटल लेनदेन को अपनाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी अपनाएंगे, तभी हमारा देश आर्थिक रूप से और सशक्त बनेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 2047 विकसित भारत संकल्प पूर्ण करने की दशा में यह मेले का आयोजन किया गया है।
जिला अध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा कि स्वदेशी का भाव जन-जन तक पहुँचाने के लिए नवीन और उच्च स्तरीय गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं को सीधे उपभोक्ता तक पहुँचाने और क्रेता-विक्रेता को एक मंच पर लाने के लिए मेले की संकल्पना सराहनीय और अनुकरणीय पहल है।
स्थानीय कारीगरों को मिला बड़ा मंच
मेले में हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। इसमें खादी के कपड़े, मिट्टी के बर्तन, पारंपरिक आभूषण और घरेलू उपयोग की स्वदेशी वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। आयोजकों के अनुसार, इस मेले का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म और लघु उद्योगों को एक मंच प्रदान करना है ताकि वे अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेले में केवल खरीदारी ही नहीं, बल्कि हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में निमाड़ी गीतों और राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही बच्चों के लिए झूलों और लजीज स्वदेशी व्यंजनों के स्टाल भी लगाएं गये है।