पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
खंडवा – “एक बगिया माँ के नाम” योजना के तहत स्व सहायता समूह की पात्र महिला हितग्राहियों की निजी भूमि पर कराये गये उद्यानिकी संबंधी पौधारोपण कार्यों में शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण दल गठित किए हैं। इन जांच दलों में राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार, कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उद्यानिकी विभाग वरिष्ठ उद्यानिकी अधिकारी शामिल किए गए हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि इन जांच दलों ने रविवार को जनपद पंचायत, बलडी की ग्राम पंचायत बिलौद माल, सोमगांव खुर्द एवं जनपद पंचायत, हरसूद की ग्राम पचायत चारखेडा, बोरीसराय, बोथिया खुर्द एवं जनपद पंचायत, छैगांवमाखन की ग्राम पंचायत छैगांवदेवी, अहमदपुर, भिगांवा नानकारी एवं जनपद पंचायत खंडवा की ग्राम पंचायत अमलपुरा, भावसिंगपुरा, धरमपुरी, मछोण्डी रैयत, राई खुटवाल एवं जनपद पंचायत पुनासा की ग्राम पंचायत बीड, बिजोरा माफी, गोराडिया, सात मोहनी में “एक बगिया मां के नाम” योजना के तहत किए गए कार्यो का निरीक्षण किया।
जिला पंचायत के सीईओ डॉ. गौड़ा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिन पंचायतों में योजना के प्रावधानों के अनुरूप कार्य नहीं होना पाया गया तथा कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई, उन ग्राम पंचायतों के उपयंत्रियों एवं ग्राम रोजगार सहायको को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये हैं।

