पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
खंडवा – कलेक्टर  ऋषव गुप्ता ने जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं का निरीक्षण कर उसके संबंध में विस्तृत रिपोर्ट भेजें। उन्होंने यह निर्देश मंगलवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए । कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि तहसील क्षेत्र में जितने भी ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन की पेयजल संबंधी योजनाओं में कार्य किया है, प्रत्येक ठेकेदार की कम से कम दो-दो पेयजल योजनाओं का सैंपल निरीक्षण किया जाए, और उसकी रिपोर्ट भेजी जाए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले तथा श्री अरविंद चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को बैठक में निर्देश दिए के अपने-अपने क्षेत्र की पेयजल योजना से लाभान्वित परिवारों से जलकर की राशि पंचायत सचिव के माध्यम से नियमित रूप से वसूल की जाए, ताकि पेयजल योजना संचालन एवं मरम्मत जैसे कार्यों के लिए राशि की आवश्यकता हो तो पंचायत जल कर के रूप में वसूल की गई राशि में से खर्च कर सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना के तहत सभी विकासखंडों में चयनित आदर्श ग्रामों में लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर  गुप्ता ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी रक्तदान शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बैठक में बताया गया कि रक्तदान शिविर 1 जनवरी को ग्राम अटूटखास में और 3 जनवरी को ग्राम सुलगांव में आयोजित किए जाएंगे। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने “एक बगिया मां के नाम” योजना तथा बोरी बंधान निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि इस योजना के तहत 1103 स्थानो पर बगिया लगाकर 111850 पौधे लगाई जा चुके हैं। इसके साथ ही जिले में वर्षा ऋतु के बाद अब तक 5550 बोरी बंधान संरचनाओ का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है।