पावनसिटी समाचार पत्र हरदा

संपादक -सैयद अशफाक अली

पेयजल से संबंधित प्रत्येक शिकायत का संवेलता से निराकरण किया जाए

एसडीएम पानी की टंकियों की सफाई देखें, नगर पालिका अधिकारियों से प्रमाण-पत्र लें

पेयजल पाइप लाइन एवं सीवर लाइन पास-पास न रहें

मसनगांव-सिराली मार्ग निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए

रबी मौसम में नरवाई के लिये किसानों को अभी से जागरूक किया जाए- कलेक्टर
हरदा – इन्दौर की घटना को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने पेयजल कार्य से जुड़े विभागों के अधिकारियों को पेयजल से संबंधित प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता से निराकरण करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने जिले के अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पेयजल भण्डारण टंकियों की सफाई देखें। सभी टंकियों की सफाई हो गई है, इस आशय का प्रमाण-पत्र संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी से प्राप्त करें। उन्होने कहा यह सुनिश्चित किया जाए कि पेयजल पाइप लाइन से सीवर पाइप लाइनें दूर रहें। जहाँ आसपास दोनों लाइन है, उनके अलग करने के प्रस्ताव तैयार किये जायें। जिले के सभी नगर पालिका अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पेयजल पाइप लाइन में कहीं से भी गंदे पानी के प्रवेश की गुंजाईश न हो।
सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने रबी सीजन के लिये अभी से नरवाई प्रबन्धन के प्रति कृषकों को जागरूक करने के निर्देश दिये। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिले में उद्यानिकी विकास की पर्याप्त संभावनाएं है। ज्यादा से ज्यादा किसानों को उद्यानिकी से जोड़ने के लिये उद्यानिकी विभाग पूरी क्रियाशीलता के साथ कार्य करे। बैठक में जिले के निर्माणाधीन मार्गों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री से कहा कि मसनगांव से सिराली मार्ग निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। कासरनी से सिंगनपुर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के संबंध में विभागीय अधिकारी द्वारा बताया गया कि सड़क निर्माण के लिये टेंडर आमंत्रित किये जा चुके हैं।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोषण ट्रेकर पर संतोषजनक कार्य नहीं होने के कारण महिला एवं बाल विकास अधिकारी को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिये गये। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बच्चे स्कूल न छोड़ें, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए। हरदा के घण्टा घर क्षेत्र में हाथ ठेलों के कारण लगने वाले जाम की स्थिति को भी कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए कहा कि यहां यातायात सुव्यवस्थित किया जाए, जाम की स्थिति न बने। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संबंधित शिकायतों के निराकरण में प्रदर्शन संतोषजनक न पाये जाने पर विभागीय अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश दिये गये। बैठक में राजस्व वसूली पर भी कलेक्टर द्वारा जोर दिया गया। साथ ही विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिये गए। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
*(फोटो संलग्न)*

समारोह पूर्वक मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
हरदा – गणतंत्र दिवस आगामी 26 जनवरी को जिले में समारोह पूर्वक बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति की भावना पर केन्द्रित रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होने सभी अधिकारियों से कहा कि अपने जिला व अधीनस्थ कार्यालयों में ध्वज संहिता का पालन करते हुए गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था करें।
कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिये कि नेहरू स्टेडियम में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों और लोकतंत्र रक्षकों का सम्मान शॉल व श्रीफल प्रदान कर किया जाए। उन्होने सभी जिला अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों के नाम यथा समय आवश्यक रूप से भिजवा दिए जाए। बैठक में उन्होने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था, परेड व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, पेयजल व्यवस्था, एम्बूलेंस व्यवस्था के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों की प्रभातफेरी आयोजित की जाए। कलेक्टर ने प्रमुख विभागीय अधिकारियों से गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभागीय गतिविधियों व उपलब्धियों का प्रदर्शन करने वाली झांकियां तैयार कराने के लिये भी कहा।

आईटीआई में रोजगार मेला ‘‘युवा संगम’’ 8 जनवरी को लगेगा
हरदा – निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये शासकीय आईटीआई हरदा में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेले ‘‘युवा संगम’’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी श्री लक्ष्मण सिंह सिलोटे ने बताया कि यह मेला 8 जनवरी को प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा। मेले में विभिन्न कम्पनियों द्वारा तकनीकी एवं गैर तकनीकी क्षेत्र में बेरोजगार युवक युवतियों की भर्ती की जायेगी। इस रोजगार मेले में 5 वी, 8वी, 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा, स्नातक व स्नातकोत्तर उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष तक की आयु के युवा भाग ले सकते है। जिला रोजगार अधिकारी श्री सिलोटे ने बताया कि मेले में भाग लेने के इच्छुक युवा अपने सभी मूल दस्तावेज अंकसूची, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड व परिचय पत्र की फोटोकॉपी, समग्र आईडी तथा 4 पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होकर मेले का लाभ प्राप्त कर सकते है। मेले में भाग लेने के लिये किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।