कलेक्टर गुप्ता ने हरसूद व किल्लौद ब्लॉक की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की
खण्डवा- कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरसूद में किल्लौद और हरसूद विकासखंड के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कम से कम 4 बार अवश्य की जाए, ताकि प्रसव संबंधी कोई भी परेशानी संभावित हो, तो समय रहते उसका इलाज किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रगति कम है, वहां विशेष शिविर लगाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक गर्भवती महिला का स्वास्थ्य परीक्षण हो जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ओपी जुगतावत भी मौजूद थे। बैठक से पूर्व, कलेक्टर श्री गुप्ता ने हरसूद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण भी किया।
कलेक्टर गुप्ता ने बैठक में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, ताकि गरीब परिवारों के सदस्य भी बड़े शहरों के प्राइवेट अस्पतालों में अपना निशुल्क उपचार करा सकें। बैठक में उन्होंने परिवार कल्याण कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, एनसीडी, ई-संजीवनी कार्यक्रम की समीक्षा भी की। उन्होने बैठक में निर्देश दिए कि राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद के अधिक से अधिक मरीजो को चिन्हित कर उनके निशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग आपसी सामंजस्य से यह सुनिश्चित करें, कि पोषण पुनर्वास केन्द्र में कभी भी पलंग खाली ना रहे और प्रत्येक कुपोषित जरूरतमंद बच्चा पोषण पुनर्वास केंद्र की सुविधा का लाभ उठा सके। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी टेली मेडिसीन सेवा के माध्यम से सी.एच.ओ. द्वारा चिकित्सको को कॉल कर ग्राम स्तर पर ही मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवायें। उन्होने मातृ व शिशु स्वास्थ्य की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
3 कर्मचारियों का एक-एक माह का वेतन काटने के दिए निर्देश
कलेक्टर गुप्ता ने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का मेनेजमेंट सही ढंग से न करने पर हरसूद विकासखण्ड के ग्राम मांडला की एएनएम व छनेरा की एएनएम का तथा असंचारी रोगों की रोकथाम के मामले में लापरवाही बरतने पर ग्राम मोजबाड़ी माल के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी का एक-एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. डी. बकोरिया, डॉ.रश्मि कौशल, मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी हरसूद डॉ.आशीषराज मिश्रा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी किल्लौद डॉ. नीलम मिश्रा, जिला क्षय अधिकारी डॉ.शक्ति सिंह एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा व अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

