पावनसिटी समाचार पत्र हरदा
हरदा- कृषि विज्ञान केंद्र हरदा द्वारा 5 दिवसीय रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण 27 से 31 दिसम्बर तक हरदा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्रामीण युवतियों को ‘आंवला और अमरूद का प्रसंस्करण’ विषय पर विस्तृत रूप से सैद्धांतिक एंव प्रायोगिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में केन्द्र प्रमुख डॉ संध्या मुरे ने प्रसंस्करण के सिद्धांत, गुणवत्ता नियंत्रण एंव परिरक्षण के दौरान स्वच्छता, भंडारण एंव पैकेजिंग पर विस्तृत जानकारी दी। केन्द्र की वैज्ञानिक सुश्री जागृति बोरकर ने ग्रामीण युवतियों को आंवला के विभिन्न मूल्यसंवधिॅत उत्पाद तैयार करना सिखाया, जिसमें आंवला कैन्डी, मिश्रित सब्जी आंवला कैन्डी, आंवला अचार, आंवला मुखवास, आंवला जूस, आंवला सुपारी, आंवला पाउडर, अमरूद का जेम और जैली शामिल है। इस दौरान उन्होने युवतियों से उत्पाद भी बनवाए। प्रशिक्षण में उत्पादों की लागत-लाभ गणना, स्थानीय बाजार में मांग, लेबलिंग और छोटे स्तर पर ईकाई स्थापना संबंधी जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आंवला और अमरूद फलों का वैज्ञानिक तरीके से उपयोग कर स्वरोजगार एंव आय सृजन के अवसर उपलब्ध कराना है।

