पावनसिटी समाचार खण्डवा
खण्डवा – शासन द्वारा स्ट्रॉरीपर कृषि यंत्र पर अनुदान प्रदान किया जा रहा है। यह यंत्र फसल कटाई के बाद खेतों में बचे फसल के अवशेषों के उचित प्रबंधन में सहायक है। इस यंत्र के प्रयोग के बाद किसानों को नरवाई जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी और खेती की लागत भी कम होगी। सहायक कृषि यंत्री ने बताया कि स्ट्रॉरीपर कृषि यंत्र लेने वाले किसानों को अनुदान की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए इच्छुक कृषक संबंधित सहायक कृषि यंत्री कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं या विभागीय पोर्टल के माध्यम से 22 जनवरी से 2 फरवरी के बीच आवेदन कर सकते हैं।
सहायक कृषि यंत्री ने बताया कि स्ट्रॉरीपर कृषि यंत्र आवंटन के लिए लॉटरी 3 फरवरी को निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ कृषक को स्वयं के बैंक खाते से राशि का डिमांड ड्राफ्ट सम्बंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम से बनवाकर जमा करना अनिवार्य होगा। धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं किया जायेगा। “स्ट्रारीपर” के लिए 10 हजार रूपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। इस सम्बंध में अधिक जानकारी के लिए किसान भाई अपने नजदीकी सहायक कृषि यंत्री कार्यालय में कार्यालयीन समय में कार्य दिवसों में सम्पर्क कर सकते हैं।
