पावनसिटी हरदा
हरदा – हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में 5 से 10 मार्च तक ‘ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज वेट लिफ्टिंग एवं पावर लिफ्टिंग खेल प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में सभी राज्यों के अधिकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरदा जिले की खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सुश्री उमा पटेल ने मध्य प्रदेश खेल और युवा कल्याण विभाग, भोपाल का प्रतिनिधित्व करते हुए 63 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाते हुए कुल 93 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला खेल अधिकारी सुश्री पटेल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हरदा कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक श्री शशांक, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री रामनिवास जाट, ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष श्री संदीप पटेल सहित समस्त खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

