पावनसिटी समाचार हरदा
हरदा – महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी राजा रंगारे ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले की सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मुख्य रूप से सम्मिलित हुईं।
बैठक के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों तथा किशोरी बालिकाओं को उपलब्ध कराए जा रहे आंगनबाड़ी सेवाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। साथ ही पोषण, टीकाकरण, पूरक पोषण आहार वितरण, गृह भ्रमण, एवं पोषण ट्रैकर के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। श्री रंगारे ने सुपरवाइज़र एवं आंगनबाड़ी कर्मियों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों के पंजीयन, सेवा वितरण, अपलोडिंग एवं फील्ड विज़िट संबंधी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ। विभाग के विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना लाडली बहना योजना ,पोषण अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, आदि के बारे में जानकारी साझा की गई तथा लक्ष्यों की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई, जिनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

