पावनसिटी हरदा
नरवाई जलाने वालों पर सेटेलाइट से होगी निगरानी
हरदा- ग्रीष्मकाल के दौरान खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के दृष्टिगत कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी ने एक मत से नरवाई नहीं जलाने की किसानों से अपील की। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि जिले में नरवाई जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। यदि किसी खेत में नरवाई में आग लगाई जाती है तो जिला प्रशासन को उसकी तुरन्त सेटेलाइट इमेज प्राप्त हो जाएगी और ऐसे किसान पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा कार्यवाही की जाएगी। साथ ही अर्थदण्ड भी अधिरोपित किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, वनमण्डलाधिकारी श्रीमती ज्योति मुड़िया, किसान संघ के अध्यक्ष महेश शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कृषक मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि ऊपरी परत से ही पौधों के लिए अत्यावश्यक पोषक तत्व उपलब्ध होते हैं किंतु आग के संपर्क में आने से जलकर नष्ट हो जाते हैं। इससे भूमि कठोर होती है, एवं भूमि में जलधारण क्षमता काम हो जाती है, जिससे फसले जल्दी सूखती है, वातावरण के तापक्रम में वृद्धि होती है, धरती गर्म होती है एवं कार्बन नाइट्रोजन अनुपात में संतुलन बिगड़ जाता है, केंचुए कम हो जाते हैं, जिससे भूमि में वायु संचार में कमी आती है। किसानों को सलाह दी गई है कि नरवाई समाप्त करने के लिये विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्र जैसे कंबाइन हार्वेस्टर, भूसा बनाने की मशीन, रोटावेटर से जुताई अथवा पटा चला कर कल्टीवेटर से जुताई, हैप्पी सीडर तथा जीरो टिलेज से खड़ी नरवाई में गेहूं, मूंग और उड़द जैसी फसलें लगाई जा सकती है। इसके साथ ही बेस्ट डीकंपोजर का उपयोग कर नरवाई को भूमि में जैविक खाद में बदला जा सकता है। नरवाई समाप्त करने हेतु मदर कलचर की और जानकारी के लिए कृषि विज्ञान केंद्र हरदा से संपर्क किया जा सकता है।
एमपी किसान एप व जे. फार्म सर्विस एप के माध्यम से कृषि यंत्रों का किराये पर अनुबंध करें
किसान भाई एम.पी. किसान एप या जे.फार्म सर्विस एप के माध्यम से अपनी नजदीकी कस्टम हायरिंग केन्द्रों के संचालक से उन्नत कृषि यंत्रो को किराये पर अनुबंध कर, अपनी कृषि भूमि में उपयोग कर सकते है। उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे ने बताया कि जिले में 171 कस्टम हायरिंग केंद्र स्थापित है, जिसमे से 81 कस्टम हायरिंग केंद्र, जे.फार्म सर्विस एप में पंजीकृत है। उन्होने बताया कि किसान भाई जे.फार्म सर्विस एप के माध्यम से सुपरसीडर, रिवर्सिवल प्लाउ, रीपर, रीपर कम बाइन्डर, स्ट्रा रीपर, मल्चर इत्यादि उन्नत कृषि यंत्रों को किराये पर लेकर, नरवाई प्रबंधन कर सकते है, साथ ही उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग करने से मृदा में कार्बनिक पदार्थ की मात्रा में वृद्धि, फसलों की उत्पादकता में वृद्धि तथा उत्पादन लागत में कमी होगी जिससे कृषको की आय में वृद्धि हो सकेगी।
ग्राम पंचायतें पानी के टैकरों में डीजल पम्प लगाएं
सभी टैंकर चालू हालत में रहें – कलेक्टर
हरदा- ग्रीष्मकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अग्नि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करने के उद्देश्य से कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी ग्राम पंचायतों में उपलब्ध पानी के टैंकरों में डीजल पम्प लगाकर उनकों छोटे अग्निशमन वाहन के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिये है। कलेक्टर ने कहा है कि सभी वाहनों पर टैंकर एवं उनमें लगे पम्प चालू हालत में रहें। अग्नि दुर्घटनाओं पर काबू पाने के लिये डीजल पम्प में प्रेशर नोजल का भी इस्तेमाल किया जाए।
ग्राम भंवरदी माल में कृषक महिला संगोष्ठी का हुआ आयोजन
हरदा – कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आगा खान एनजीओ के साथ मिलकर गुरूवार को तहसील खिरकिया के ग्राम भंवरदी माल में कृषक महिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में लगभग 250 कृषक एवं कृषक महिलाओं ने अपनी भागीदारी की। इस दौरान कृषक महिलाओं को स्वरोजगार के लिये प्रेरित करने हेतु घरेलू स्तर पर तैयार की जाने वाली विभिन्न सामग्री जैसे हवन कंडा, गुलकंद, गेहूं से बायोडिग्रेडेबल स्ट्रॉ, लू हेतु स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री से तैयार उत्पाद आदि के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रानू पटेल उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में श्री शिवनारायण गुर्जर, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती सरिता सरयम, जनपद सदस्य श्रीमती तेजल ऊईके, सरपंच श्रीमती रामकली बाई, सहायक प्रबंधक आजीविका श्री किशन पवार, पशुपालन विभाग से राहुल, उद्यानिकी विभाग से सुरेश बुंदेला, नीलेश पटेल पी एस ए के आर एस पीआई, एकेआरएसपीआई खंडवा से नीलेश पटेल व अंबुज, सरपंच जूनापानी मोजी राम, आगा खान संस्था खिरकिया से मनमोहन पाली, रीजनल मैनेजर खंडवा रामकृष्ण महाजन, सिनर्जी संस्था हरदा से निर्मला जाट एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार बंकोलिया उपस्थित थे। इस दौरान पशु सखियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी लगाई । कार्यक्रम के दौरान कृषक महिलाओं ने आदिवासी नृत्य एवं आदिवासी परंपरागत ज्ञान से परिचित कराया।
अवैध कब्जा करने वाले आरोपी को 15 दिवस का जेल वारंट जारी
हरदा – जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशन एवं अपर कलेक्टर श्री सतीश राय के मार्गदर्शन में अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को अनुविभागीय अधिकारी हरदा श्री अशोक कुमार डेहरिया ने अवैध कब्जा करने के आरोप में मोहम्मद सिराज पिता ताज मोहम्मद, निवासी जत्रापड़ाव को 15 दिवस का जेल वारंट जारी कर जेल भेजा है।
एसडीएम श्री डेहरिया ने बताया कि रहटाखुर्द निवासी कृष्णाबाई की 1.210 हेक्टेयर निजी भूमि पर आरोपी मोहम्मद सिराज अवैध रूप से कब्जा कर फसल का लाभ ले रहा था। यह भूमि आवेदिका के परिवार की जीविका का एकमात्र साधन है। प्रशासन द्वारा कब्जा छोड़ने का नोटिस देने के बावजूद जब आरोपी ने भूमि खाली नहीं की, तो उसे 15 दिनों के लिए जेल वारंट जारी कर जेल भेज दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि 15 दिनों के भीतर आरोपी स्वयं अवैध कब्जा नहीं हटाता है, तो नियमानुसार उसे पुनः तीन माह की अवधि के लिए जेल भेजा जाएगा।
एलपीजी सिलेण्डर की उपलब्धता के संबंध में अफरा तफरी का माहौल न बनायें
जिले में घरेलू एलपीजी सिलेण्डर्स का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध
उपभोक्ताओं से शांतिपूर्वक बुकिंग अनुसार एलपीजी सिलेण्डर प्राप्त करने की अपील
हरदा- आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशन में संयुक्त कलेक्टर सतीश राय की अध्यक्षता में गुरूवार को एलपीजी वितरकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयल कंपनियों के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया है कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरो का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। आयल कंपनियों द्वारा घरेलु परिवारों को नियमित रूप से सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी वितरण में उपाय शुरू किए गये है जैसे की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है। इस कदम का उद्देश्य कालाबाजारी और अफरा तफरी को रोकना और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से समान वितरण सुनिश्चित करना है। वर्तमान में जिले में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टाक एवं आपूर्ति बनी है। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि घरेलु एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता के सम्बन्ध में अफरा तफरी का माहौल न बनाये, कालाबाजारी न करें और शांतिपूर्वक बुकिंग अनुसार अपना एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करें।

