पावनसिटी समाचार खंडवा
खंडवा – प्रदेश में कृषकों को रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ई-विकास प्रणाली लागू की गई हैं। मंगलवार को जिले के पंधाना विकास खण्ड की पंधाना सहकारी समिति (पैक्स) में विधायक पंधाना विधानसभा क्षेत्र श्रीमती छाया मोरे द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा कृषकों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से ई-टोकन कृषकों को जारी करने के कार्य का शुभारंभ किया गया हैं। इस व्यवस्था के तहत कृषकों को ई-टोकन के माध्यम से ही रासायनिक उर्वरकों का वितरण होगा
जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आलोक यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने किसानों को समय पर एवं पारदर्शिता के साथ उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा *”ई-टोकन एवं उर्वरक वितरण प्रणाली”* व्यवस्था लागू की है। इसके तहत किसान स्वयं आनलाईन सिस्टम से एवं अपने मोबाइल के माध्यम से भी प्रक्रिया कर ई-टोकन जारी कर, अपनी सुविधा अनुसार उर्वरक क्रय कर सकते है। इस में etoken.mpkrishi.org लिंक के माध्यम से आधार नंबर एवं ओटीपी फीड कर लॉग इन किया जा सकता है। लॉग इन करने पर पोर्टल पर एग्री स्टैक अर्थात फार्मर आई.डी. से कृषि भूमि अपडेट होकर, मौसम एवं फसल का चयन करने के उपरांत फसल तथा कृषि भूमि अनुसार उर्वरकों की गणना होकर पोर्टल पर प्रदर्शित होगी। इसके बाद कृषक को उर्वरक विक्रेता जैसे- प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पैक्स, मार्कफेड, एम.पी.एग्रो, विपणन समिति एवं निजी उर्वरक विक्रेताओ के यहाँ उपलब्ध स्टॉक की जानकारी मिल सकेगी, जिसमें कृषक अपनी सुविधा अनुसार उर्वरक विक्रेताओं का चयन करने के बाद ई-टोकन बुक कर सकते है।
श्री आलोक यादव ने बताया कि चयनित उर्वरक विक्रेता के यहाँ पर ई-टोकन से कृषक उर्वरक क्रय कर सकेंगे जिसकी वैद्यता 3 दिवस की रहेगी। जो किसान जिस प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का नियमित सदस्य है, टोकन उसी सहकारी समिति पर बुक करना होगा। पैक्स के ओवरड्यू सदस्य या अन्य किसान, विपणन संघ के गोदाम, एम पीएग्रो, प्रायवेट उर्वरक विक्रेता पर टोकन बुक कर सकते है। टोकन की वैद्यता 3 दिवस रहेगी, पात्रता मिलने तक 3-3 दिवस के अंतराल पर बार-बार टोकन बुक किया जा सकता है।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खण्डवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आलोक यादव द्वारा बताया गया कि ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत बैंक प्रधान कार्यालय स्तर से खण्डवा जिले की 105 एवं बुरहानपुर जिले की 52 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के रासायनिक उर्वरकों के स्टाक का डेटा पोर्टल पर फीड कर दिया गया हैं तथा पैक्स समितियों द्वारा स्थानीय जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कृषकों के ई-टोकन जारी किये गये हैं।

