पावनसिटी समाचार पत्र हरदा
शहीदों की स्मृति में मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई
हरदा- भारत के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में शुक्रवार को सुबह 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में मौन धारण कार्यक्रम आयोजित हुए। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया व एसडीएम टिमरनी संजीव नागू सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों ने मौन धारण कर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के दल ने घर पहुंचकर साहिबा खान को प्रदान की व्हीलचेयर
हरदा – सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा द्वारा दिव्यांगजनों की सहायता के लिए ‘घर पहुंच सेवा’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को हरदा के वार्ड नंबर 29 की निवासी साहिबा खान पिता सफीक खान को दस्तावेजों के परीक्षण उपरान्त उनके निवास पर ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के प्रशासनिक अधिकारी, साइकोलॉजिस्ट, पीएण्ड ओ टेक्निशियन, वोकेशनल काउंसलर एवं विशेष शिक्षक उपस्थित रहे।
रोगी से न करें भेदभाव, कुष्ठ रोग के बारे में हो जागरूक’
विश्व कुष्ठरोग दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न
हरदा – म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को ’’विश्व कुष्ठरोग दिवस’’ के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, विकास नगर, हरदा में कुष्ठ रोग के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में उपस्थित न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा चंद्रशेखर राठौर ने उपस्थित जनों को कुष्ठ रोग की बीमारी तथा इस रोग के लक्षण, कारण एवं बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। श्री राठौर ने बताया कि ’’विश्व कुष्ठरोग दिवस’’ हर साल 30 जनवरी को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग के बारे में जागरूकता फैलाना, इससे जुड़े मिथ्यों को दूर करना तथा प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति दिखाना है। साथ ही यह भी बताया गया कि कुष्ठ रोग की बीमारी छूआछुत से नहीं फैलती अपितु यह एक ’’माइकोबैक्टिरियम लैपी’’ नामक एक विशेष प्रकार के बैक्टीरिया के कारण होने वाला एक दीर्घकालीक संक्रामक रोग है, जो मनुष्यों के तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है, यह रोग मुख्य रूप से हाथों, पैरों और चेहरे को प्रभावित करता है। इस बीमारी का पूर्ण ईलाज ’’मल्टी ड्रग थैरेपी’’ के माध्यम से संभव है, जो सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर मूफ्त में उपलब्ध है। साथ ही कुष्ठ रोग से जुड़े विविध तथ्यों से लोगों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने विश्व कुष्ठ रोग दिवस को मनाये जाने के महत्व के बारे में बताया तथा इससे प्रभावित रोगियों के लिए शासकीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होने बताया कि रोगी किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ ले सकता है। साथ सही नालसा/सालसा की विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं नालसा लैंगिक हमलों, अन्य अपराधों की पीड़िताओं अथवा सर्वाईवर्स के लिए प्रतिकर योजना 2018, गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधिक सेवा योजना, 2015, नालसा-असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना 2015 के बारे में जानकारी दी तथा बताया गया कि वे किस प्रकार विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होने इस दौरान निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाईन टोलफ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई। शिविर में डॉ. पूजा अहिरवार, महिलाएं, बच्चे एवं पैरालीगल वॉलेंटियर सुनिता साहू उपस्थित रहे।
रबी विपणन 2026-27 के लिये गेहूँ का पंजीयन 7 फरवरी से
सिकमी/बटाईदार व वन पट्टाधिकारी को 2 फरवरी से पूर्व का अनुबंध प्रस्तुत करना होगा
हरदा – मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन 2026-27 के लिये गेहूँ का पंजीयन 7 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक किये जाना है। विभाग से प्राप्त निर्देशानुसार सिकमी/बटाईदार एवं वन पट्टाधिकारी के अनुबंध 2 फरवरी 2026 के पूर्व का होने पर ही पंजीयन हेतु मान्य होंगे एवं अनुबंध पर भू स्वामी और बटाईदार के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। सिकमी पंजीयन हेतु उचित मूल्य का स्टाम्प होना अनिवार्य है। जिला आपूर्ति अधिकारी हरदा ने किसानों से अनुरोध किया है कि सिकमी/बटाईदार एवं वन पट्टाधिकारी पंजीयन के समय भूमि के अनुबंध 2 फरवरी 2026 से पूर्व के ही प्रस्तुत करें ताकि सुगमता से पंजीयन किया जा सके।
पशुपालन एवं पशु कल्याण माह के तहत संगोष्ठी, संवाद व निःशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम सम्पन्न
हरदा – कार्यालय पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरदा द्वारा 14 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक ‘पशुपालन एवं पशु कल्याण माह’ मनाया जा रहा है। उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि इस अवसर पर शुक्रवार को उपसंचालक पशु चिकित्सा कार्यालय में पशुपालक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेरी प्लस योजना और अन्य विभागीय योजनाओं के 95 हितग्राही सम्मिलित हुए। संगोष्ठी में पशुपालकों ने अपने अनुभव साझा किए और पशुपालन व्यवसाय को लाभ का धंधा बनाने पर चर्चा की।
इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री पशुपालन पत्रोंपाधि महाविद्यालय के 130 छात्रों के साथ युवा संवाद किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को पशुपालन में करियर बनाने पर मार्गदर्शन दिया गया। छात्रों को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और पशु कल्याण से संबंधित जानकारी भी दी गई। इसके अलावा बहुउद्देशीय जिला पशु चिकित्सालय हरदा में निःशुल्क एंटी रेबीज वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 75 श्वान (कुत्तों) को प्रतिबंधात्मक एंटी रेबीज वैक्सीन लगाए गए।

