पावनसिटी समाचार हरदा
हरदा – कमिश्नर  के.जी. तिवारी एवं कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने गुरूवार को जिले के ग्राम छीपानेर, तजपुरा, पांचातलाई, कमताड़ा का भ्रमण कर जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने सभी टंकियों का निर्माण समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
ग्राम छीपानेर की पानी की टंकी 10 मार्च तक, तजपुरा की टंकी ढाई माह में, पांचातलाई की टंकी 15 फरवरी तक एवं कमताड़ा की टंकी 8 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। कमिश्नर ने उपरोक्त टंकियों के निर्माण में गुणवत्ता का भी ध्यान रखने के निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान संकल्प से समाधान अभियान के तहत ग्राम तजपुरा में आयोजित शिविर का भी कमिश्नर व कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया। कमिश्नर ने इस दौरान गांव के निर्मला संतोष को खाद्यान्न की पात्रता पर्ची भी प्रदान की। पांचातलाई के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर ग्राम डोमरी में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के भी कमिश्नर द्वारा निर्देश दिये गये। इस दौरान संयुक्त आयुक्त श्री जी.सी. दौहर सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
*(फोटो संलग्न)*

26 जनवरी को ‘भारत पर्व’ पर बुन्देली लोकगीत व ‘भवाई’ लोकनृत्य के कार्यक्रम होंगे
भारत पर्व कार्यक्रम के आयोजन हेतु अधिकारियों को दायित्व सौंपे
हरदा – गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी की संध्या पर लोकतंत्र का लोकोत्सव ‘भारत पर्व’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कार्यक्रम के आयोजन के लिये जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन को संपूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जोसेफ ने बताया कि इस अवसर पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभा कक्ष में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा ‘‘वंदेमातरम् चित्र प्रदर्शनी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में संस्कृति विभाग द्वारा राज्य स्तर से भेजे गये कलाकारों के दल अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें श्रीमती रचनाबाई, राजगढ़ व साथियों द्वारा बुन्देली/देश भक्ति लोकगीत तथा श्री गिरधारीलाल गहलोत उज्जैन व साथियों द्वारा भवाई लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

नर्मदा जयंती कार्यक्रम के आयोजन के लिये अधिकारियों को दायित्व सौंपे
हरदा- नर्मदा जयंती के अवसर पर जिले के हंडिया घाट पर 25 जनवरी को शाम 7 बजे से नर्मदा जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत हरदा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होने कार्यक्रम स्थल पर बेरीकेटिंग, बैठक व्यवस्था, शामियाना व मंच व्यवस्था के लिये वन विभाग व कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को दायित्व सौंपे है। इसी प्रकार कार्यक्रम शुभारम्भ, दीप प्रज्जवलन व रंगोली की व्यवस्था के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग, पेयजल व्यवस्था के लिये कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिये शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग व जन अभियान परिषद को दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा व्यवस्था के लिये चिकित्सा विभाग, कानून व्यवस्था के लिये पुलिस प्रशासन तथा मंच संचालन के लिये शिक्षा विभाग को दायित्व सौंपा गया है।

गणतंत्र दिवस पर विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष भोज
हरदा – आगामी 26 जनवरी को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त सभी प्राथमिक शालाएं, मदरसे एवं माध्यमिक शालाओं में विद्यार्थियों के विशेष भोज का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने सभी एसडीएम, जिला परियोजना समन्वयक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत व मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किये है। उन्होने निर्देशित किया है कि विशेष भोज में विद्यार्थियों को सब्जी, पूरी, खीर अथवा सब्जी, पूरी, हलवा तथा इसके साथ मिठाई का वितरण किया जावे। इस बात का विशेष ध्यान रखा जावे कि भोजन स्वच्छ स्थान पर बनाया जावे तथा भोजन शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण हो। इस अवसर पर जनसहयोग प्रदान करने वाले नागरिक तथा जनप्रतिनिधियों को भी अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जावे। जनसहयोग से प्राप्त राशि को 26 जनवरी को होने वाले विशेष भोज पर ही व्यय किया जावे। विशेष भोज में शाला में दर्ज छात्र-छात्राएं, शाला का स्टाफ, अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन, माताएं, जनसहयोग प्रदाय करने वाले गणमान्य व्यक्ति, आमंत्रित जनप्रतिनिधि तथा निरीक्षण पर पहुँचे अधिकारी सम्मिलित होंगे।

निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने 23 जनवरी को टेमरूबहार, गांगराढाना, केवलारी, मोरगढ़ी व लोटिया में लगेंगे शिविर
हरदा – मध्यप्रदेश खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के तहत निर्धन परिवारों को निःशुल्क गैस प्रदाय करने की प्रक्रिया आरम्भ की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी हरदा ने बताया कि जिले के धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले में निवासरत अन्य जनजातीय परिवारों को गैस कनेक्शन प्रथम आओ प्रथम पाओं के आधार पर जारी किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चयनित 103 ग्रामों की पंचायतों में निःशुल्क गैस उपलब्ध कराने के लिये गैस एजेन्सियों द्वारा शिविर आयोजित किये जायेंगे। उन्होने निर्देशित किया है कि इन शिविरों में गैस एजेन्सियां हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर परीक्षण उपरान्त गैस कनेक्शन देना सुनिश्चित करेंगे।
जारी आदेश अनुसार 23 जनवरी को टिमरनी के ग्राम टेमरूबहार व गांगराढाना, खिरकिया के ग्राम केवलारी, मोरगढ़ी तथा हरदा के ग्राम लोटिया में शिविर आयोजित किये जायेंगे।

23 से 26 जनवरी तक कृषि उपज मण्डी में नीलामी कार्य बंद रहेगा
हरदा -23 से 26 जनवरी तक कृषि उपज मण्डी प्रांगण हरदा में नीलामी कार्य बंद रहेगा। सचिव कृषि उपज मण्डी समिति हरदा ने बताया कि 23 जनवरी शुक्रवार को बसंत पंचमी होने तथा 24 जनवरी को माह का चतुर्थ शनिवार, 25 जनवरी रविवार तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का शासकीय अवकाश होने के कारण मण्डी प्रांगण हरदा में कृषि उपजों का नीलामी कार्य बंद रहेगा। उन्होने किसान भाईयों से अनुरोध किया है कि वे 23 से 26 जनवरी तक मण्डी प्रांगण में अपनी कृषि उपज विक्रय के लिये नहीं लावें।