हरदा – नर्मदापुरम् संभाग के आयुक्त श्री के.जी. तिवारी एवं मुख्य वन संरक्षक श्री अशोक कुमार ने बुधवार को राजस्व, वन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी अमले की बैठक लेकर जिले के 42 वनग्रामों का राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तित करने के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, वनमण्डलाधिकारी श्रीमती ज्योति मुड़िया, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कमिश्नर ने वनग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन के पूर्व वनग्रामों का पूर्ण मानचित्रण, वनग्रामों की बाहरी सीमा का निर्धारण, स्थल सत्यापन, पूरे क्षेत्र का जीपीएस के माध्यम से नक्शा तैयार किये जाने, वन अधिकार पट्टाधारियों की सूची तैयार करने, नक्शे में वन अधिकार पत्रों की स्थिति दर्ज करने, ऐसे पट्टाधारी जिनको वन अधिकार पत्र जारी नहीं किया गया है, उनको जानकारी दर्ज कराने, पट्टा अथवा वनाधिकार पत्रधारी की मृत्यू हो जाने की दशा में नामातंतरण, नए दावा आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज करना, दावा आवेदनों का निराकरण, सामुदायिक दावों की स्थिति की समीक्षा भी की। साथ ही समय सीमा में उपरोक्त कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। वन अधिकार पट्टों से संबंधित समस्त नस्तियां वनमण्डलाधिकारी कार्यालय में जमा करने के भी निर्देश दिये गये। कमिश्नर ने बैठक में जिले के 48 वनखण्डों की वन व्यवस्थापन की स्थिति की भी समीक्षा की।
रहटगांव तहसील में अधिकारी कर्मचारियों को दी ई-ऑफिस संचालन की ट्रेनिंग
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशानुसार एनआईसी के नेटवर्क इंजीनियर श्री सागर शर्मा ने बुधवार को रहटगांव तहसील में तहसीलदार कोर्ट व नायब तहसीलदार कोर्ट में कार्यरत कर्मचारियों के लिए ई-ऑफिस प्रणाली से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। उन्होने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना और उन्हें दैनिक कार्यों में इस प्रणाली का निर्बाध रूप से उपयोग करने में सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण में नायब तहसीलदार सुश्री रश्मि धुर्वे सहित तहसील के कर्मचारी सम्मिलित हुए।
समाधान योजना में सौ फीसदी तक सरचार्ज में छूट का लाभ लेने अंतिम 3 दिन शेष
हरदा _/ मध्य प्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के प्रथम चरण में सौ फीसदी तक सरचार्ज में छूट का लाभ लेने के लिए प्रथम चरण 31 जनवरी 2026 तक लागू है जिसमें अब केवल अंतिम 3 दिन शेष हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि बकायादार उपभोक्ताओं की सतत भागीदारी और उनके उत्साह को देखते हुए योजना के प्रथम चरण की अवधि में विस्तार किया गया है। पिछले साल 3 नवंबर से शुरू हुई समाधान योजना 2025-26 में शामिल होकर लाखों बकायादार उपभोक्ताओं ने सौ फीसदी तक छूट का लाभ लिया। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि तीन माह से अधिक के बकायादार उपभोक्ता योजना के प्रथम चरण में शामिल होकर अपना बकाया बिल एकमुश्त जमा करके 100 फीसदी तक सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकते हैं।
मध्य प्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के लागू होने से ऐसे अनेक उपभोक्ता हैं जो बकाया बिल जमा कर रहे हैं और एकमुश्त बकाया राशि जमा करने पर अधिकतम छूट का लाभ ले रहे हैं। यह योजना उन बकायादार उपभोक्ताओं के लिए वरदान बनी है जो सरचार्ज के कारण मूलधन राशि जमा नहीं कर पा रहे थे। अब उन्हें समाधान योजना के प्रथम चरण में सरचार्ज में 60 से लेकर 100 प्रतिशत तक छूट के साथ एकमुश्त अथवा किस्तों में भुगतान करने का विकल्प मिल रहा है।
रबी विपणन 2026-27 के लिये गेहूँ का पंजीयन 2 फरवरी से
सिकमी/बटाईदार व वन पट्टाधिकारी को 2 फरवरी से पूर्व का अनुबंध प्रस्तुत करना होगा
हरदा मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन 2026-27 के लिये गेहूँ का पंजीयन 7 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक किये जाना है। विभाग से प्राप्त निर्देशानुसार सिकमी/बटाईदार एवं वन पट्टाधिकारी के अनुबंध 2 फरवरी 2026 के पूर्व का होने पर ही पंजीयन हेतु मान्य होंगे एवं अनुबंध पर भू स्वामी और बटाईदार के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। सिकमी पंजीयन हेतु उचित मूल्य का स्टाम्प होना अनिवार्य है। जिला आपूर्ति अधिकारी हरदा ने किसानों से अनुरोध किया है कि सिकमी/बटाईदार एवं वन पट्टाधिकारी पंजीयन के समय भूमि के अनुबंध 2 फरवरी 2026 से पूर्व के ही प्रस्तुत करें ताकि सुगमता से पंजीयन किया जा सके।
पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरुकता माह के तहत विभिन्न कार्यक्रम होंगे
हरदा – कार्यालय पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला हरदा द्वारा 14 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक ‘पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरुकता माह’ मनाया जा रहा है, जिसके तहत जिले में विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उप संचालक पशु चिकित्सा हरदा श्री अजय रामटेके ने बताया कि 29 जनवरी को हितग्राही संगोष्ठी एवं युवा संवाद के तहत प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कार्यालय उपसंचालक के सभाकक्ष में डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना एवं मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के आवेदकों व हितग्राहियों के साथ संगोष्ठी होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक लाल बहादुर शास्त्री पशुपालन पत्रोपाधि महाविद्यालय हरदा में उन्नत पशुपालन विषय पर ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी प्रकार 30 जनवरी को निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण कार्यक्रम के तहत प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक पशु चिकित्सालय दूध डेयरी परिसर छीपानेर रोड़ हरदा में श्वानों के लिए निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर तथा 31 जनवरी को शाम 4 बजे से 6 बजे तक विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों पर चर्चा हेतु एक ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया जाएगा।
परिवहन कार्यालय हरदा में 29 जनवरी को लर्निंग लाइसेंस हेतु लगेगा शिविर
हरदा – कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी, हरदा द्वारा ‘संकल्प से समाधान योजना’ के तहत नए लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि यह शिविर 29 जनवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय, हरदा में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ आधार कार्ड और पहचान पत्र की एक प्रति अवश्य लाएं। इस कैंप में बालिकाओं के लिए लाइसेंस बनवाना निःशुल्क रहेगा, जबकि बालकों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

