पावनसिटी हरदा
हरदा- कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल, टिमरनी एसडीएम संजीव नागू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम दुलिया निवासी तुलसीराम ने कलेक्टर जैन को आवेदन देकर प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने अधीक्षक भू-अभिलेख को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। ग्राम बिछौला रैयत निवासी किसान रघुवीर सिंह राजपूत व ग्राम कचबेड़ी निवासी बलराम ने ओला वृष्टि की राहत राशि व फसल बीमा राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हंडिया को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम पीड़गांव निवासी अनोखीलाल व हरदा निवासी जमीला खान ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदक की पात्रता अनुसार वृद्धावस्था पेंशन चालू कराने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में हरदा निवासी हेमराज ने ग्राम खिड़कीवाला में अपनी कृषि से गुजरने वाली विद्युत लाईन के तार बहुत नीचे झूलने के संबंध में शिकायत की, जिस पर महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का हुआ शुभारम्भ
जनजागरूकता रैली व शपथ का हुआ आयोजन
हरदा – शासन के निर्देशानुसार विश्व क्षय दिवस पर 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारम्भ किया गया। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपस्थित जनों को जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिये शपथ दिलाई गई। जिला क्षय अधिकारी डॉ. मृत्युंजय सिंह गहलोत ने बताया कि इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीबी स्क्रीनिंग कर विश्व क्षय दिवस मनाने के निर्देश दिये गये।
भारतीय सेना में अग्निवीर पदों भर्ती के लिए आवेदन जारी
1 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन, जून में होगी कॉमन एंट्रेंस परीक्षा
हरदा- सेना भर्ती कार्यालय,भोपाल से प्राप्त जानकारी अनुसार भारतीय सेना में अग्निवीर पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना को जारी की गई है। यह अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है। सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से प्रारंभ हो गई है, जो 1 अप्रैल 2026 तक खुली रहेगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेडमैन दसवीं पास, ट्रेडमैन आठवीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा के पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 1 जून से 10 जून 2026 के मध्य आयोजित किए जाने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश एवं पात्रता शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें।
अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आयु सीमा एवं शैक्षिक योग्यता
अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को भारतीय सेना द्वारा निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य है। अग्निवीर भर्ती 2026 में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं जो आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी शर्तों को पूरा करते हैं। पात्रता मानदंडों को पूरा न करने की स्थिति में उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अग्निवीर वैकेंसी 2026 के अंतर्गत भारतीय सेना अग्निवीर परीक्षा 2026 के लिये आवेदक की आयु 17.5 वर्ष से 21 वर्ष, कक्षा 10वीं/मैट्रिक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, न्यूनतम 45 प्रतिशत कुल अंक तथा प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक, राष्ट्रीयता – भारतीय नागरिक, लिंग – पुरुष एवं महिला (पद के अनुसार) होना आवश्यक है। इंडियन आर्मी अग्निवीर रिक्रूटमेंट के तहत चयनित उम्मीदवारों को भारतीय सेना में आकर्षक वेतन पैकेज और भत्ते प्रदान किए जाएंगे।
अग्निवीर भर्ती 2026 के अंतर्गत शुरुआती वेतन लगभग 30,000 रूपये प्रति माह होगा, जिसमें समय-समय पर वार्षिक वृद्धि की जाएगी। इसके अलावा अग्निवीरों को जोखिम भत्ता, कठिनाई भत्ता सहित अन्य लागू भत्ते भी मिलेंगे। चार वर्ष की सेवा अवधि पूरी होने पर एक अग्निवीर को कुल वेतन पैकेज लगभग 6.92 लाख रूपये प्राप्त होगा। साथ ही सेवा समाप्ति पर अग्नि वीर वैकेंसी 2026 के तहत चयनित उम्मीदवारों को ब्याज सहित लगभग 11.71 लाख रूपये की सेवा निधि राशि दी जाएगी। भारतीय सेना अग्निवीर 2026 के वर्षवार अनुसार वेतन कार्यकाल अवधि प्रति माह वेतन प्रथम वर्ष 30 हजार रूपये + लागू भत्ते, द्वितीय वर्ष 33 हजार रूपये + लागू भत्ते, तृतीय वर्ष 36,500 + लागू भत्ते एवं चतुर्थ वर्ष 40 हजार रूपये + लागू भत्ते प्राप्त होते हैं।
मदिरा के अवैध विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध 8 प्रकरण दर्ज
हरदा- कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग के दल नेे सोमवार को मदिरा के अवैध विक्रय, परिवहन व संग्रहण के विरूद्ध कार्यवाही की। जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने ने बताया कि इस दौरान आबकारी विभाग के दल ने जिले के पटेल ढाबा भिरंगी, वार्ड क्रमांक 5 खिरकिया, ग्राम खेड़ा, चौकड़ी, धनवाड़ा व बिचपुरी चौकी में दबिश दी। दबिश के दौरान 14 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब, 10 पाव देशी मदिरा मसाला शाब, 7 बियर केन एवं 370 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त कर आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 8 प्रकरण दर्ज किये। जप्त मुद्देमाल का अनुमानित बाजार मूल्य 41910 रूपये है।

