पावनसिटी खण्डवा
अव्यवस्थाओं पर नाराजगी प्रकट की, दोषी कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए
खण्डवा- कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने गुरूवार को जिले के ग्राम धरमपुरी स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला संचालक से गौशाला की व्यवस्थाओं के सम्बंध में पूछताछ की और निर्देश दिए कि गौशाला में रहने वाले गौवंश की बेहतर देखभाल और पालन पोषण करें। इस दौरान खण्डवा के एसडीएम  ऋषि कुमार सिंघई भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गौशाला का फर्श बहुत खराब स्थिति में था। गौशाला संचालक द्वारा बताया गया कि गत जून माह में ही गौशाला उन्हें हैण्डओवर की गई है, तभी से फर्श खराब स्थिति में है। इसके साथ ही पशुओं के पानी के लिए बनी होद में पानी रूकता नहीं है, पूरा पानी लीक हो जाता है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री से निर्माण कार्य की विस्तृत जांच कराने तथा सम्बंधित उपयंत्री व सहायक यंत्री के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गौशाला के लिए दी गई चरनोई भूमि पर चारे के स्थान पर गेहूं की फसल लगाई गई है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने नाराजगी प्रकट की तथा भविष्य में गेहूं या सोयाबीन जैसी फसल न लगाते हुए नेपियर घास या चारे की अन्य फसलें लगाने की सख्त हिदायत दी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. हेमन्त शाह को निर्देश दिए कि पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के माध्यम से गौशालाओं की व्यवस्थाओं का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए तथा निरीक्षण में जो भी कमियां या समस्याएं पाई जाएं, उनका निराकरण भी समय पर किया जाए। कलेक्टर गुप्ता ने गौशाला की अव्यवस्थाओं के सम्बंध में निरीक्षण व रिपोर्टिंग न करने के लिए धरमपुरी क्षेत्र के सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी तथा विकासखण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply