हरदा – कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने  कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजलि जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी  संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम जूनापानी निवासी ममता मालवीय ने कलेक्टर जैन को आवेदन देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सब्सिडी की मांग की, जिस पर उन्होने अग्रणी बैंक प्रबन्धक को मामले की जांच कर आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। ग्राम बीड़ निवासी किसानों ने बैंक व बीमा कम्पनी की गलती के कारण खरीफ फसल की बीमा राशि नहीं मिलने के संबंध में शिकायत की, जिस पर अग्रणी बैंक प्रबन्धक को मामले की जांच कर आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम जात्राखेड़ी निवासी धर्मेन्द्र पाराशर ने भावान्तर योजना के तहत भुगतान प्राप्त नहीं होने की शिकायत की, जिस पर उप संचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम बीड़ के किसानों ने नहर की साफ-सफाई कराने के लिये आवेदन दिया, जिस पर उन्होने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग को नहर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये। ग्राम कुंजरगांव निवासी विशाल ने गल्ला पर्ची पर कम गल्ला मिलने की शिकायत की, जिस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को मामले की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं, जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं
एसआईआर के तहत दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया 22 जनवरी 2026 तक
हरदा – मध्यप्रदेश में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर-2026) के अंतर्गत मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया जारी है। इस क्रम में निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने नागरिकों से अपील की है कि वे एक जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपने नाम की जांच कर समय-सीमा में आवश्यक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
प्रारूप निर्वाचक नामावली voters.eci.gov.in, ceoelection.mp.gov.in एवं ईसीआईनेट एप पर उपलब्ध है। मतदाताओं को सर्वप्रथम अपना नाम प्रारूप सूची में अवश्य जांचना चाहिए। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
इस अवधि में प्रत्येक कार्य दिवस पर सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर उपस्थित रहेंगे। उनके माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने/आपत्ति दर्ज करने तथा संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के साथ घोषणा-पत्र (एनेक्सचर-4) प्रस्तुत करना अनिवार्य है। वहीं, यदि कोई मतदाता राज्य से बाहर से स्थानांतरित होकर आया है, तो उसे फॉर्म-8 के साथ भी घोषणा-पत्र देना होगा। ऑफलाइन आवेदन करने पर मतदाताओं को बीएलओ से पावती प्राप्त करना न भूलने की सलाह दी गई है।
दावे-आपत्तियों के निराकरण तथा गणना पत्रक के आधार पर तैयार प्रारूप निर्वाचक नामावली की पात्रता प्रविष्टियों की जांच के उपरांत, कतिपय निर्वाचकों को नोटिस जारी कर सुनवाई 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक की जाएगी। नोटिस की तामीली के बाद संबंधित मतदाता को निर्धारित दिनांक, समय एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियों सहित उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
फॉर्म-6, फॉर्म-6 ए, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 मतदाता वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते है। इसके अलावा बीएलओ से, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन आवेदन सुविधा voters.eci.gov.in, ceoelection.mp.gov.in एवं ईसीआईनेट पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
ईसीआई नेट एप के माध्यम से आवेदन करने के लिये गूगल प्ले-स्टोर से ईसीआई नेट एप डाउनलोड करें। मोबाइल नंबर एवं प्राप्त ओटीपी से रजिस्ट्रेशन करें। वोटर सर्विस सेक्शन में जाकर वोटर रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करें तथा फॉर्म-6 घोषणा-पत्र (एनेक्सचर-4) के साथ भरें। वोटर पोर्टल द्वारा ऑनलाइन फार्म भरने के लिये https://voters.eci.gov.in पर जाएं। मोबाइल नंबर एवं ओटीपी से साइन-अप करें। न्यू वोटर्स रजिस्ट्रेशन टैब पर क्लिक कर फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भरें।
मतदाता जागरूकता अभियान के संदेश “कोई मतदाता छूट न जाए” के साथ नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए 1950 हेल्पलाइन, ceoelection.mp.gov.in/CEOMPElections तथा ceompelections@CEOMPSVEEP पर संपर्क किया जा सकता है।