पावनसिटी खंडवा
खंडवा – कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सोमवार रात्रि में कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपस्थित सड़क निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपनी अपनी सड़कों की समय-समय पर रिपेयरिंग करते रहें, तथा सड़क मार्ग में जो भी ब्लैक स्पॉट एवं “दुर्घटना संभावित क्षेत्र” चिन्हित किए गए हैं, वहां सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करें। बैठक में बैठक में यातायात पुलिस, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण, नगर निगम खंडवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि खंडवा शहर में माता चौक से रामनगर, चीरा खदान से टीटिया जोशी, बैतूल फाटे से फॉरेस्ट डिपो आशापुर, मांधाता शनि मंदिर के पास और रोशिया फाटे पर इस तरह के दुर्घटना संभावित क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इन सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश सड़क निर्माण एजेंसियो को दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए कि सड़कों के आसपास लगी झाड़ियों के कारण यदि वाहन चालक को सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखते हैं, तो ऐसी झाड़ियों को काटने की कार्रवाई तत्काल की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि डिवाइडर युक्त मार्गों पर, जहां डिवाइडर तोड़कर ग्रामीणों ने रोड क्रॉस करने के रास्ते बना लिए हैं, उन्हें बंद किया जाए ताकि सड़क दुर्घटना की आशंका न रहे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात संकेतक लगवाने और सड़कों पर लेन मार्किंग कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों ने जिले की विभिन्न सड़कों पर चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट की जानकारी पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी।

