पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
खण्डवा – जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत कलेक्टर ऋषव गुप्ता नागरिकों की समस्याएं सुनकर सम्बंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका निराकरण करवाते हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में छैगांवमाखन तहसील के ग्राम चमाटी निवासी दिव्यांग गुरूदास महाजन ने कलेक्टर गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वह मजदूरी नहीं कर सकता है, गरीबी के कारण वह परेशान है। गुरूदास ने कलेक्टर गुप्ता से अंत्योदय कार्ड बनवाए जाने की मांग की, जिस पर उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को तत्काल आवेदक को पात्रता पर्ची उपलब्ध कराकर उसके मुफ्त खाद्यान्न की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्री दिनेश सावले ने बताया कि आवेदक गुरूदास को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए पंजीयन करा दिया गया है। अगले 2-3 दिन में उसकी अंत्योदय योजना की पात्रता पर्ची जनरेट हो जाएगी और उसे हर माह मुफ्त खाद्यान्न मिलने लगेगा। मुफ्त खाद्यान्न की व्यवस्था होने पर गुरूदास खुशी खुशी अपने घर गया।
निर्माण कार्योें की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए
इसके अलावा जनसुनवाई में ग्राम सिहाड़ा निवासी शफी नत्थू ने आवेदन देकर कलेक्टर श्री गुप्ता से कहा कि उसकी कृषि भूमि पर पंचायत ने तालाब दर्शा कर धनराशि निकाल ली है, जबकि उसके खेत में कोई तालाब का निर्माण नहीं कराया गया है, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की जांच कर दोषियों के विरूध्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सिहाड़ा निवासी रहीम पिता सिवाई ने भी कलेक्टर श्री गुप्ता से शिकायत की कि उसके खेत में कोई तालाब नहीं बना है, लेकिन उसके खेत में तालाब निर्माण के नाम पर पंचायत द्वारा 1.23 लाख रूपए निकाल लिए गए हैं, जिस पर कलेक्टर गुप्ता ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की जांच कर दोषियों के विरूध्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सिहाड़ा निवासी बाबू पिता सिवई ने भी उसके खेत में तालाब निर्माण के नाम पर पंचायत द्वारा 1.59 लाख रूपए आहरण होने की शिकायत की, जबकि उसके खेत में कोई तालाब नहीं बना है। इसी तरह हरसूद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत तोरन्या के ग्रामीणों ने पशुओं के पेयजल के लिए टंकी एवं अन्य निर्माण कार्य न होने के बावजूद पंचायत द्वारा राशि आहरण करने सम्बंधी शिकायत की, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की जांच कर दोषियों के विरूध्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
शराब की अवैध बिक्री रोकने और नहर का पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए
ग्राम भण्डारिया के ग्रामीणों ने कलेक्टर गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उनके ग्राम में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है, जिस पर उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को गांव में शराब की अवैध बिक्री पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम सिर्रा निवासी ग्रामीणों ने फसल क्षति होने के बावजूद फसल बीमा की राशि न मिलने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपसंचालक कृषि को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम जामली सैयद के ग्रामीणों ने नहर निर्माण के सम्बंध में शिकायत करते हुए, नहर का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध कलेक्टर गुप्ता से किया, जिस पर उन्होंने नर्मदा घाटी विकास विभाग के अधिकारियों को समय सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए।

