पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा , कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के अलावा पी.आई.यू. के कार्यपालन यंत्री एस.के. त्रिपाठी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुप्ता ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य को समय सीमा में पूर्ण करें, और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उल्लेखनीय है कि एस.एन. कॉलेज छात्रावास परिसर में विद्यार्थियों के लिए नीति आयोग द्वारा स्वीकृत ई-लाइब्रेरी भवन 2.15 करोड़ रुपए लागत से निर्मित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ई-लाइब्रेरी भवन के बाहर वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए निर्धारित मापदण्डों का पालन करते हुए रैंप का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-लाइब्रेरी परिसर में कैंटीन की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने भवन निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के छोटे बच्चों को स्कूल एवं आंगनबाड़ी में प्रवेश दिलाने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए।

