पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
खण्डवा – पानी अनमोल है, हम पानी का उत्पादन तो नहीं कर सकते, लेकिन पानी का अपव्यय रोक तो सकते हैं। पानी की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए हमें पानी बचाना ही होगा। वर्षा का पानी व्यर्थ बहकर न चला जाए, इसलिए अपने अपने घरों की पक्की छतों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जरूर लगवाएं। यह अपील कलेक्टर श्री गुप्ता ने गुरूवार को सेंट पायस स्कूल में मिशन अमृत संचय अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से की। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी. एस. सोलंकी भी मौजूद थे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ द्वीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री संदीप जोशी ने किया।
रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाकर स्वयं भी पानी बचाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें
इस अवसर पर कलेक्टर गुप्ता ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से कहा कि हर साल भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। बंगलौर जैसे विकसित शहर में भूजल स्तर कम होने से गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत होने लगी है। उन्होंने कहा कि पहले 20-25 फीट खुदाई पर पानी मिल जाता था, अब ट्यूबवेल में पानी के लिए एक हजार फीट तक खुदाई करना पड़ रही है। इसलिए हमें आज से ही पानी बचाने के लिए विशेष प्रयास करना होंगे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जो भी व्यक्ति पानी का अपव्यय करता हुआ दिखे, उसे हमें रोकना व टोकना होगा। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि सबसे पहले वे अपने घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवायें और फिर अपने आसपास रहने वाले लोगों को भी उनके घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित करें।
वर्षा के बहते हुए पानी का केवल 6 प्रतिशत ही भूजल स्तर बढ़ाता है, शेष व्यर्थ बह जाता है
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने इस दौरान कहा कि वर्षा के बहते हुए पानी का केवल 6 प्रतिशत पानी ही रिसकर भूजल स्तर बढ़ाता है, बाकी पानी व्यर्थ बह जाता है। इसलिए अमृत संचय अभियान के तहत हमें जिले के सभी सरकारी और प्रायवेट मकानों की पक्की छतों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाना ही होगा। उन्होंने कहा कि पानी बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी को मिलकर पानी बचाना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पानी की टंकी बनवा सकती है, पाइपलाईन बिछवा सकती है, लेकिन जब तक भू-जल उपलब्धता नहीं है, सब व्यर्थ है। उन्होंने कहा कि हम जितना पानी खर्च करते हैं, उतना पानी बचाने की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। कलेक्टर गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि हमें अगले 1 वर्ष में यह सुनिश्चित करना है कि रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के माध्यम से हर पक्की छत से वर्षा का शत प्रतिशत पानी जिले का भूजल स्तर बढ़ाने के काम आए।

