पावनसिटी समाचार पत्र हरदा
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने आमजन के सुरक्षा के दृष्टिगत जिले में चायनीज मांझे के विक्रय एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिये हैं। सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होने कहा कि जिले के मैदानी प्रशासनिक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी चायनीज मांझे का उपयोग न हो और न ही इससे कोई दुर्घटना घटित हो।
बैठक में सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को सड़कों की आवश्यक मरम्मत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सड़कें किसी भी विभाग अंतर्गत हो, उनमें गड्ढें नहीं होना चाहिए। यथा समय सभी सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। कृषि उपज मण्डी हरदा में डिस्प्ले बोर्ड बंद होने की शिकायत पर कलेक्टर ने तत्काल डिस्प्ले बोर्ड चालू कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी बिना उचित अनुज्ञा के भवनों का निर्माण न हो। यदि किसी स्थान पर नियम विरूद्ध भवन निर्माण किया जा रहा है तो इस तरह के निर्माण को तत्काल तुड़वाया जाए।
बैठक में नर्मदा परिक्रमा पथ की प्रगति, अधिकारियों को मैदानी क्षेत्रों के भ्रमण की जानकारी परख एप पर दर्ज करने एवं पटवारियों के ग्राम पंचायतों में बैठने के दिनों की सार्थक एप पर उपस्थिति दर्ज करने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरूस्ती, राजस्व वसूली के कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से सम्पन्न कराया जाए। ग्राम पंचायतों द्वारा जलकर एवं अन्य करों की वसूली में प्रगति लाने के भी बैठक में निर्देश दिये गये।
बैठक में जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल व एसडीएम टिमरनी संजीव नागू सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने दाल मिल का किया निरीक्षण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विनायक इंडस्ट्रीज स्थित दाल मिल प्रोसेसिंग यूनिट का विस्तृत निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मिल के संचालक दीपक उपाध्याय ने कलेक्टर को पूरी यूनिट का भ्रमण कराया। उन्होंने दालों की सफाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग की आधुनिक प्रक्रिया की जानकारी दी। उपाध्याय ने विस्तार से बताया कि किस तरह कच्चे माल को प्रोसेस कर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार किए जाते हैं। निरीक्षण के बाद कलेक्टर जैन ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अशोक का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। भ्रमण के दौरान जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक मनोज पंवार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सुश्री मेघा सुमन, मिल संचालक दीपक उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र की अन्य गतिविधियों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश
हरदा – कृषि विज्ञान केंद्र हरदा की प्रमुख डॉ. संध्या मुरे के मार्गदर्शन में कृषि महाविद्यालय पवारखेड़ा से आए रावे के छात्रों ने माँ शारदा विद्या मंदिर में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर रावे के छात्रों ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों और उपस्थित समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। छात्रों ने सही तरीके से हाथ धोने के वैज्ञानिक चरणों का प्रदर्शन किया और बताया कि यह कैसे कई बीमारियों से बचाव में मदद कर सकता है।
कार्यक्रम में अपने घरों के साथ-साथ अपने आस-पड़ोस, समाज और पूरे परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। नुक्कड़ नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि कैसे हर व्यक्ति की छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर हमारे शहर और देश को स्वच्छ और सुंदर बना सकती हैं। कार्यक्रम स्कूल के प्राचार्य श्री नरेंद्र सिंह तोमर और स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्राचार्य श्री तोमर ने रावे छात्रों के इस अभिनव प्रयास की सराहना की और सभी से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

