पावनसिटी समाचार हरदा
हरदा – स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस ‘‘युवा दिवस’’ के अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस दौरान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आकाशवाणी के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया योग
इस अवसर पर हरदा जिला पंचायत उपाध्यक्ष  दर्शन सिंह गहलोत, पूर्व कृषि मंत्री  कमल पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष  अंशुल गोयल, संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी सहित अन्य जिला अधिकारी व विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों ने भी योग अभ्यास में भाग लिया। रेडियो पर प्रसारित निर्देशों के अनुसार सभी प्रतिभागियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं और प्राणायाम का अभ्यास किया। जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी इसी उत्साह के साथ योग दिवस मनाया गया, जहाँ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षक वर्ग ने सहभागिता की। उल्लेखनीय है कि सामूहिक सूर्य नमस्कार के लिये कुल 12 मुद्रायें निर्धारित है, जिनमें प्रार्थना मुद्रा, हस्त उत्तानासन, पाद हस्तासन, अश्व संचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन, पर्वतासन, अश्व संचालनासन, पादहस्तासन, हस्त उत्तानासन, प्रार्थनामुद्रा शामिल है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सुबह उठकर सूर्य नमस्कार अवश्य करना चाहिए। सूर्य नमस्कार हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। उन्होने कहा कि आज भारत विश्व के विकसित देशों में आ गया है। आज हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने देश के विकसित भारत 2047 का संकल्प पूर्ण करने में अपना योगदान अवश्य देंगे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री  पटेल ने कहा कि हमें महापुरुषों के जीवन से शिक्षा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी कहते थे कि लक्ष्य की प्राप्ति तक हमें निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए सूर्य नमस्कार अत्यंत लाभदायक है। स्वस्थ रहने के लिए सभी को सूर्य नमस्कार नियमित रूप से करना चाहिए। उन्होने कहा हमारी संस्कृति में कहा गया अगर व्यक्ति स्वस्थ हो तो वह अपने लिए, अपने परिवार, अपने शहर-गांव, समाज, देश व विश्व के लिए उपयोगी हो सकता है। स्वामी विवेकानंद जी ने पूरी दुनिया को बताया कि योग से व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है।