पावनसिटी समाचार खण्डवा
खण्डवा -जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मंगलवार को अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर  के. आर. बड़ोले, संयुक्त कलेक्टर  दिनेश सांवले, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सहित विभागीय अधिकारियों ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में उत्कृष्ट विद्यालय खंडवा से रिटायर  अनिल जैन ने आवेदन देकर बताया कि उसे वेतन वृद्धि का सही लाभ न मिलने से उसे कम पेंशन मिल रही है। जिस पर अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदक की पात्रता अनुसार वेतन वृद्धि का लाभ देते हुए पेंशन का फिक्सेशन कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में हरसूद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत तोरनिया के ग्रामीणों ने गांव में सरपंच सचिव द्वारा किए गए कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत करते हुए जांच की मांग की। ग्रामीण आवेदकों ने बताया कि सरपंच सचिव द्वारा बिना कार्य कराये ही निर्माण कार्यों का भुगतान निकाला जा रहा है। जिस पर जिला पंचायत के सीईओ डॉ. गौड़ा ने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम सैयदपुर खेगांवड़ा निवासी राधेश्याम ने आवेदन देकर बताया कि उसकी फसल अतिवृष्टि के कारण खराब हो गई थी, फिर भी उसे फसल बीमा योजना का लाभ अभी तक नहीं मिला है। जिस पर जिला पंचायत के सीईओ डॉ. गौड़ा ने उपसंचालक कृषि को मामले की जांच कर पात्रता अनुसार फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए कहा।
जनसुनवाई में श्रीमती गिरिजा बाई ने जिला पंचायत के सीईओ डॉ. गौड़ा को आवेदन देकर बताया कि उसके पति जनपद पंचायत खंडवा में पंचायत सचिव के पद पर पदस्थ थे उनकी मृत्यु हो गई है, लेकिन उनके स्थान पर पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति अभी तक नहीं मिली है। जिस पर जिला पंचायत के सीईओ ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदिका के पुत्र को पात्रता अनुसार अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिलाने के लिए कहा। पुनासा तहसील के ग्राम जामकोटा निवासी नारायण ने आवेदन देकर जनसुनवाई में बताया कि अतिवृष्टि के कारण उसकी फसल खराब हो गई है जिसका कोई मुआवजा अभी तक नहीं मिला है, जबकि उसके पड़ोसी किसानों को दो माह पूर्व मुआवजा मिल चुका है। जिस पर डॉ. गौड़ा ने तहसीलदार को आवेदन का परीक्षण कर पात्रता अनुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।