पावनसिटी खण्डवा
जावर में आज, अमलापुरा में 17 और सिहाड़ा में 18 फरवरी को लगेगा शिविर
खण्डवा- नागरिकों को उनकी पात्रता अनुसार सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिये प्रदेश में 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक “संकल्प से समाधान” अभियान आयोजित किया जा रहा है। पात्र हितग्राहियों को केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिये इस अभियान के द्वितीय चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च के बीच क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों के आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अभियान के तृतीय चरण में 16 मार्च से 26 मार्च के बीच विकासखंड स्तरीय शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा तथा चतुर्थ चरण में जिला स्तरीय शिविर 26 से 31 मार्च के बीच आयोजित किया जाएगा।
*द्वितीय चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च के बीच क्लस्टर स्तर पर लगेंगे शिविर*
द्वितीय चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टर स्तर पर और नगरीय क्षेत्रों में नगर या जोन स्तर पर प्रथम चरण में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के आर कानूडे ने बताया कि जनपद पंचायत खंडवा के ग्राम जावर में 16 फरवरी को, अमलपुरा में 17 फरवरी को और सिहाड़ा में 18 फरवरी को शिविर आयोजित होंगे। इसी तरह जनपद पंचायत बलड़ी के ग्राम गंभीर उबारी में 19 फरवरी, हरसूद विकासखंड के ग्राम बोथियाखुर्द में 20 फरवरी और मांडला में 21 फरवरी को शिविर आयोजित होंगे। जनपद पंचायत छैगांवमाखन के ग्राम डुल्हार में 22 फरवरी, अहमदपुर खैगांव में 23 फरवरी तथा चिचगोहन में 24 फरवरी को शिविर आयोजित होंगे। जनपद पंचायत पुनासा के ग्राम सुलगांव में 25 फरवरी, बांगरदा में 26 फरवरी, अटूटखास में 27 फरवरी को तथा जनपद पंचायत पंधाना के ग्राम सिंगोट में 28 फरवरी, गुड़ी में 1 मार्च, बगमार में 2 मार्च तथा दीवाल में 3 मार्च को ये शिविर आयोजित होंगे। खालवा विकासखंड के ग्राम रोशनी में 5 मार्च, आशापुर में 6 मार्च, खारकलां में 7 मार्च और सुंदरदेव में 8 मार्च को शिविर आयोजित कर ग्रामीणों के आवेदन लिए जाएंगे।
*नगरीय क्षेत्र में मार्च माह में लगेंगे शिविर*
नगरीय क्षेत्र में मूंदी में 9 मार्च को शिविर आयोजित होगा। पंधाना में 10 मार्च को, छनेरा में 11 मार्च को, ओंकारेश्वर में 12 मार्च को, पुनासा में 13 मार्च को शिविर आयोजित किए जाएंगे। खंडवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 से 10 के लिए मोहनलाल वर्मा स्कूल परिसर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में 14 मार्च को शिविर आयोजित होगा। जबकि वार्ड क्रमांक 11 से 20 के नागरिकों के लिए 14 मार्च को मराठी स्कूल परिसर में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में शिविर आयोजित होगा। वार्ड क्रमांक 21 से 30 के नागरिकों के लिए नगर निगम कार्यालय में 15 मार्च को शिविर आयोजित होगा। जबकि वार्ड क्रमांक 31 से 40 के नागरिकों के लिए 15 मार्च को सिंधी धर्मशाला में शिविर आयोजित किया गया है। वार्ड क्रमांक 41 से 50 के नागरिकों की सुविधा के लिए 16 मार्च को जोन नंबर 6 रामेश्वर स्थित कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा। ये सभी शिविर प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होंगे।
