पावनसिटी समाचार पत्र  हरदा 
हरदा – भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य जिला स्तरीय समारोह शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय रहटगांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं बिरसा मुंडा जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  गजेन्द्र शाह थे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष  राजेश वर्मा, कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ, टिमरनी नगर पालिका उपाध्यक्ष राजा कौशल, जिला पंचायत सदस्य  कमलेश सेजकर एवं  लीलाधर बांके, एसडीएम टिमरनी  संजीव कुमार नागू, जिला संयोजक रवि कनौजिया सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह ने सभी को भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होने कार्यक्रम के आयोजन के प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद किया। उन्होने कहा कि शासन द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिये अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका फायदा हर वर्ग के लोगों के लिये है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा हमारे आदिवासी बच्चों के लिए होस्टल संचालित किये जा रहे है, जिनमें वे शहरी क्षेत्रों में रह कर अपने भविष्य को उज्जवल कर रहे हैं। उन्होने अपील की कि आदिवासी भाई बहना अपने बच्चों को शिक्षित करें। शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजननाओं का लाभ लें तथा बच्चों का भविष्य उज्जवल करें।
कार्यक्रम में शाह ने कहा कि जनजातीय समुदाय के बच्चों के लिए शिक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्हें निःशुल्क किताबें, निःशुल्क गणवेश और निःशुल्क साइकिल दी जा रही है। बच्चों को प्री मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। संघ लोक सेवा आयोग तथा मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षाओं में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। क्षमता एवं कौशल उन्नयन करते हुए जनजातीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के माध्यम से जनजातीय युवाओं को स्वरोजगार व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सहायता दी जा रही है। कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी, राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया
भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस दौरान भगवान बिरसा मुण्डा के जीवन पर आधार नाटक का मंचन किया गया। साथ ही लोक नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गई। इस दौरान जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
बांस शिल्पकार एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की लगी प्रदर्शनी
भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण एवं आजीविका मिशन द्वारा गठित महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान वन विभाग द्वारा निर्मित एक जिला एक उत्पाद के तहत बांस की प्रदर्शनी लगाई गई तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य जांच की गई।
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण
कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया। इस दौरान जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना के तहत ग्राम भुवनखेड़ी के राजेश पिता रामजीवन को किराना दुकान के लिये 1.60 लाख रूपये, ग्राम चादियापुरा के सुनिल पिता बलराम को किराना दुकान के लिये 3 लाख रूपये, टिमरनी के संदीप पिता रामजीवन को डीजे साउण्ड सर्विस के लिये 3.50 लाख रूपये तथा ग्राम सिंगनपुर के कमलेश पिता मनोहर को किराना व्यवसाय के दुकान के लिये 1.50 लाख रूपये के स्वीकृति पत्र वितरित किये गये। इसी प्रकार टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत मदनलाल रामप्रसाद को कपड़ा व्यवसाय के लिये 0.79 लाख रूपये के स्वीकृति पत्र वितरित किये। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग द्वारा सीताराम सुखराम व ब्रजलाल राजाराम को केसीसी तथा राज्य आजीविका मिशन द्वारा एकता स्वसहायता समूह आमसागर को सीबीआई बैंक रहटगांव से तथा लक्ष्मी स्वसहायता समूह खात्माखेड़ा को मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक रहटगांव से 3-3 लाख रूपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किये गये।