पावनसिटी खण्डवा
भोपाल एवं खरगोन के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे
खण्डवा – गणतंत्र दिवस के अवसर पर हर वर्ष संध्याकाल में लोकतंत्र का लोकोत्सव “भारत पर्व” मनाया जाता है। इस कार्यक्रम में संस्कृति विभाग एवं स्वराज संस्थान भोपाल के सौजन्य से राज्य स्तर के जाने माने कलाकारों के दल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाते हैं। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष भी स्थानीय किशोर कुमार सभागृह में 26 जनवरी को शाम 7 बजे भारत पर्व कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर भोपाल के तारिक अंसारी एवं उनके 7 सदस्यीय दल द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में खरगोन के श्री गोपाल तोमर के 12 सदस्यीय दल द्वारा भगोरिया लोकनृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर जिला जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा “विकास प्रदर्शनी” का आयोजन भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी अधिकारी कर्मचारियों को इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिऐ
मंत्री कुँवर विजय शाह ने गणतंत्र दिवस पर दीं शुभकामनाएं- प्रदेश के जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं हैं। मंत्री शाह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि गणतंत्र दिवस हमें उन महान संविधान निर्माताओं के अथक परिश्रम को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने हमारे देश को एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में आकार दिया।
मंत्री डॉ. शाह ने कहा है कि यह दिवस हमें एकजुटता, समानता और कर्त्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। हमारा संविधान न केवल हमारे अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि हमें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की भी शिक्षा देता है। संविधान के सिद्धांतों का पालन करते हुए हमारा प्रदेश और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गणतंत्र दिवस की भावना को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
मंत्री लोधी ने सभी को नर्मदा जयंती की शुभकामनाएं दीं
मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति, पर्यटन, एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं खण्डवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने प्रदेशवासियों को नर्मदा जयंती की शुभकामनाएं दीं। मंत्री लोधी ने कहा कि शास्त्रों और पुराणों में नर्मदा जी का स्थान अत्यंत विशिष्ट और महिमामय बताया गया है। माँ नर्मदा अपने आशीर्वाद से करोड़ों लोगों को जीवन प्रदान करती हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में सभी से अपील की है कि नर्मदा जयंती के इस शुभ अवसर पर हम संकल्प लें कि माँ नर्मदा की पवित्रता बनाए रखने, उनके जल को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने कर्त्तव्यों का निष्ठा से पालन करेंगे
प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर शुभकामनाएं दीं
मध्य प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री श्धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि भारत का हृदय स्थल, मध्यप्रदेश दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों में से एक है, मध्यप्रदेश का प्राकृतिक वैभव, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संपदा संपूर्ण विश्व में आकर्षण का बड़ा केंद्र है। प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने कहा है कि हमारे मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा नेशनल पार्क, सेंचुरी हैं और प्राकृतिक दृष्टि से अनेक रमणीय और मनोरम स्थल हैं, हम टाईगर स्टेट हैं, हम चीता स्टेट हैं, हम लेपर्ड स्टेट हैं, हम घड़ियाल स्टेट हैं, हम वल्चर स्टेट हैं। मध्यप्रदेश वैश्विक मानचित्र पर एक नए पर्यटन हब के रूप में उभर रहा है, विगत वर्ष लगभग 14 करोड़ से अधिक पर्यटक मध्यप्रदेश की धरती पर आए।
