पावनसिटी समाचार पत्र खंडवा
खंडवा -मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में राज्य आनंद संस्थान भोपाल द्वारा प्रदेशभर में मकर संक्रांति के अवसर पर “आनंद उत्सव” आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में खंडवा जिले में कलेक्टर  ऋषव गुप्ता ने आनंद उत्सव_2026 के लिए सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को पत्र जारी कर ग्राम पंचायत स्तर पर आनंद उत्सव मनाने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। आनंदम विभाग के जिला समन्वयक के.बी. मंसारे ने बताया कि जिले में सुचारू रूप से आनंद उत्सव कार्यक्रम मनाया जायेगा। आनंद उत्सव कार्यक्रम में गांव के युवा, बुजुर्ग, महिला एवं पुरुष किसी भी आयु वर्ग के लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आनंद उत्सव में हमारे पारंपरिक खेल रस्साकसी, चेयर रेस , बोरा रेस, कबड्डी, खो खो, चम्मच रेस जैसे खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक संगीत, नृत्य, लोक गीत का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय लोगों की रूचि अनुसार मनाया जाएगा।
आनंद उत्सव कार्यक्रम संबंधी फोटो आनंदक दर्शक आनंद संस्थान की वेबसाइट www.anandsansthanmp.in पर तीन फोटो अपलोड कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं ।आनंद उत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि सामूहिक सहभागिता कर आनंद की अनुभूति करना है। आनंद उत्सव का आयोजन नगरीय एवं ग्रामीण दोनो क्षेत्रों में तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण 14 से 24 जनवरी 2026 तक ग्राम व नगरीय क्षेत्रों में, द्वितीय चरण में 24 से 28 जनवरी 2026 तक विकासखण्ड स्तर पर एवं तृतीय चरण 4 फरवरी 2026 से पूर्व जिला स्तर पर आयोजित होगा। जिले में विभिन्न चरणों में आयोजित किए जाने वाले आनंद उत्सव कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग के लिये कलेक्टर खण्डवा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है ।जिला नोडल अधिकारी आनंद विभाग जिला खण्डवा सदस्य सचिव रहेंगे। समिति ने सदस्य के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला शिक्षा अधिकारी खण्डवा, आयुक्त, नगर निगम खण्डवा,सहायक परियोजना अधिकारी शहरी विकास खण्डवा,  गणेश कानड़े जिला सम्पर्क व्यक्ति जिला खण्डवा, समन्वयक जिला नेहरू युवा केन्द्र खण्डवा, समन्वयक जन अभियान परिषद, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास खण्डवा, उप संचालक सामाजिक न्याय, जिला खेल अधिकारी खंडवा को भी शामिल किया गया।